
लखनऊ एयरपोर्ट पर लेबर कैंप में लगी भीषण आग, दो किमी दूर से धुआं दिखा
Lucknow Airport Fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (Chaudhary Charan Singh International Airport) परिसर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। एयरपोर्ट के पास चल रहे विकास कार्यों में जुटे मजदूरों के ठहरने के लिए बनाए गए लेबर कैंप और लेबर रूम में अचानक भीषण आग लग गई।
आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते PVC पैनलों से बने अस्थायी ढांचे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
PVC पैनलों के कारण तेजी से फैली आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह के वक्त हुई। एयरपोर्ट के पास निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए PVC पैनलों की मदद से अस्थायी कमरे तैयार किए गए थे। अचानक शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों से इनमें आग भड़क उठी। PVC मटेरियल होने के कारण आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया और काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। आग की तेज लपटों को देख मौके पर मौजूद मजदूरों और सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया।
View this post on Instagram
दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही सरोजिनी नगर थाना पुलिस और एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही एयरपोर्ट अथॉरिटी और लखनऊ फायर डिपार्टमेंट की कई दमकल गाड़ियां तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। दमकल कर्मियों ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
राहत की बात यह रही कि इस भयंकर हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि या के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। समय रहते सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल दमकल और स्थानीय प्रशासन की टीमें आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।





