
राज्यसभा चुनाव के लिए BJP के सभी प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन, CM योगी रहे मौजूद
Rajya Sabha Election UP: उत्तर प्रदेश प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की एक अहम खबर आ रही है। राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी आठों प्रत्याशियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सान्निध्य और मार्गदर्शन में अपना आधिकारिक नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।
नामांकन के आखिरी दिन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित विधान भवन में राजनीतिक दिग्गजों का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में सभी उम्मीदवारों ने एक-एक कर अपने सेट के पर्चे दाखिल किए।
इन आठ प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
आज नामांकन दाखिल करने वाले भाजपा उम्मीदवारों में पार्टी के वरिष्ठ और कद्दावर नेता शामिल हैं। भाजपा द्वारा उत्तर प्रदेश से उतारे गए इन आठ प्रत्याशियों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार के नाम शामिल हैं।

इन सभी उम्मीदवारों ने विधान भवन पहुंचकर निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए, जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रत्याशियों को माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इनकी मौजूदगी ने बढ़ाई सियासी सरगर्मी
नामांकन प्रक्रिया के दौरान विधान भवन परिसर में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का भारी जमावड़ा देखने को मिला। पर्चा दाखिल करते वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ-साथ केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक विशेष रूप से मौजूद रहे।

इसके अलावा योगी सरकार के वरिष्ठ मंत्री सुरेश खन्ना, राकेश सचान, आशीष पटेल, डॉ. संजय निषाद, कपिलदेव अग्रवाल, जेपीएस राठौर, दिनेश प्रताप सिंह, गिरीश चंद्र यादव, ब्रजेश सिंह, सतीश चंद्र शर्मा, रजनी तिवारी और बलदेव सिंह औलख समेत कई प्रमुख नेता और विधायक भी इस दौरान अपनी उपस्थिति दर्ज कराते नजर आए। सभी नेताओं ने एक स्वर में उम्मीद जताई कि बीजेपी के सभी उम्मीदवार भारी बहुमत के साथ राज्यसभा में पहुंचकर देश और प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।




