पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी कार, तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत

Purvanchal Expressway: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बुधवार सुबह करीब पांच बजे एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भीषण टक्कर में कार सवार तीन पेशेवर टेनिस खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल खिलाड़ियों को यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने एंबुलेंस से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया।

कार के उड़ गए परखच्चे

जानकारी के अनुसार अर्टिगा कार में छह लोग सवार थे और सभी लखनऊ से देवरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बुधवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। चीख पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

नींद आने से हुआ हादसा

घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि वे सभी टेनिस बाल क्रिकेट खिलाड़ी हैं और लखनऊ में खेलकर वापस देवरिया लौट रहे थे। उनके अनुसार यात्रा के दौरान सभी लोग नींद में थे। उन्हें हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि कार में उन तीनों के अलावा नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) भी थे। यह तीनों भी देवरिया के निवासी हैं।

ये भी पढ़े-गोमती नदी के उफान से BKT में बाढ़ का कहर; प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन तेज

खिलाड़ियों की मौत से तीन गांवों में मातम

हादसे में देवरिया के तीन होनहार टेनिस बाल क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत से जिले के तीन गांवों में मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही खिलाड़ियों के घर पर ग्रामीणों के साथ ही बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। तीनों के परिजन सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। हादसे के शिकार दो खिलाड़ी देवरिया के मईल थाना क्षेत्र के रहने वाले थे जबकि एक खिलाड़ी लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव का निवासी था।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात ट्रक की तलाश के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े-पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या; अवैध संबंधों के चलते खौफनाक साजिश

Back to top button