हाथरस मेले में फंसा पेंच, सपना चौधरी के प्रोग्राम को नहीं मिली अनुमति

आयोजकों ने दिए थे 8 लाख एडवांस

Hathras Mela News: उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक लकी मेला श्री दाऊजी महाराज के अंतिम दिन प्रस्तावित मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

अपार भीड़ जुटने की संभावना और सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी चुनौतियों को देखते हुए हाथरस पुलिस और प्रशासन ने इस कार्यक्रम की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है, हालांकि आयोजक हर हाल में शो कराने की जिद पर अड़े हैं।

क्यों अटकी परमिशन?

पुलिस विभाग की ओर से प्रशासन को दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि मेला पंडाल की दर्शक क्षमता मात्र 3000 के आसपास है, जबकि सामान्य दिनों में भी मेले में हजारों लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में सपना चौधरी के आने पर भारी भीड़ बेकाबू हो सकती है, जिससे सुरक्षा का बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। प्रशासन की इस सख्ती के पीछे हाल ही में मेले में हुए लाफ्टर शो की घटना मुख्य वजह है, जहां भीड़ बेकाबू होने पर दर्शकों ने कुर्सियां फेंक दी थीं और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।

आयोजकों को उठाना पड़ सकता है बड़ा नुकसान

संगीत सम्मेलन के आयोजकों का कहना है कि सपना चौधरी के कार्यक्रम की बुकिंग करीब 15 दिन पहले ही कर ली गई थी और उन्हें 8 लाख रुपये का एडवांस भुगतान भी किया जा चुका है। अंतिम समय में अनुमति न मिलने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल आयोजक प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का भरोसा देकर परमिशन दिलाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

ये भी पढ़े-UP News: पांच बार की अजान में दखल न दें पुलिस-प्रशासन- हाईकोर्ट का निर्देश

Back to top button