बरेली में नकली सेक्सवर्धक दवाओं का नेटवर्क बेनकाब, 7वीं पास ‘हकीम’ गिरफ्तार

Bareilly Fake Medicine Racket: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। महज सातवीं पास एक ‘हकीम जी’ अपनी कंपनी का फर्जी लेबल लगाकर सस्ती सेक्सवर्धक दवाइयों को महंगे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे।

इस अवैध कारोबार को बड़े पैमाने पर अंजाम देने के लिए बकायदा एक कॉल सेंटर और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट (कारखाना) भी संचालित किया जा रहा था, जिस पर पुलिस ने छापा मारकर इसका भंडाफोड़ कर दिया है।

ऐसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा

पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों समीरउद्दीन और यूसुफ को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि महज 200 रुपये में तैयार होने वाली या मिलने वाली सेक्सवर्धक दवाइयों पर अपनी फर्जी कंपनी का रैपर और लेबल चिपकाकर उन्हें सीधे 2000 रुपये तक में बेचा जाता था। भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए बाकायदा कॉलिंग स्टाफ रखा गया था जो फोन के जरिए ग्राहकों को आकर्षित करते थे।

भारी मात्रा में कैश और इलेक्ट्रॉनिक सामान

पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से अवैध धंधे से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज और सामान जब्त किए हैं। बरामदगी में मुख्य रूप से शामिल हैं:

  • 1,99,000 रुपये नकद (Cash)

  • 12 मोबाइल फोन और 6 कंप्यूटर

  • 1 लैपटॉप, 8 मॉनीटर और 3 प्रिंटर

  • 6 की-बोर्ड, माउस और चार्जर सेट

  • 85 पैकेट फर्जी दवाइयां और फर्जी लाइसेंस व दस्तावेज

  • 6 चेकबुक और 14 एटीएम कार्ड

फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह अवैध कारोबार कब से चल रहा था।

Back to top button