
फर्राटेदार इंग्लिश बोलकर पर छाईं ‘देहाती मैडम’, प्रियंका चोपड़ा भी हुईं इंप्रेस
Dehati Madam Yashoda: सोशल मीडिया की दुनिया में कब कौन रातों-रात स्टार बन जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। इन दिनों इंटरनेट पर ‘इंग्लिश विद देहाती मैडम’ (English with Dehati Madam) के नाम से मशहूर यशोदा लोधी छाई हुई हैं। खेतों में और आम ग्रामीण परिवेश में रहकर फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाली यशोदा का अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
उनकी इसी खूबी से प्रभावित होकर ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) ने भी उनका वीडियो अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कर दिया है, जिसके बाद वह चर्चा का बड़ा केंद्र बन गई हैं।
प्रियंका ने शेयर किया तो झूम उठीं यशोदा
यशोदा ने अपने एक पोस्ट में बताया कि जब वह खेत में वीडियो शूट कर रही थीं, तब उनके पति ने उन्हें डांटा भी था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और वीडियो पूरा करके पोस्ट कर दिया। उन्हें तब बड़ा सरप्राइज मिला जब अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनका वीडियो शेयर कर दिया।
उसी दिन यशोदा के इंस्टाग्राम पर 4 लाख फॉलोअर्स भी पूरे हो गए। उन्होंने अपनी इस सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि एक गांव की लड़की से लेकर ग्लोबल स्टार तक उनके कंटेंट का पहुंचना उनके लिए सपने जैसा है।
कौन हैं यशोदा लोधी?
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के सिराथु स्थित लोधन के पुरवा गांव की रहने वाली यशोदा की परवरिश पंजाब के लुधियाना में हुई थी, जहां उन्होंने 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने बिना किसी महंगे कोर्स के दूसरों के अंग्रेजी बोलने के तरीकों को सुनकर और नकल करके अंग्रेजी बोलना सीखा।
दिसंबर 2023 में उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था, जहां वे बेहद आसान तरीके से रोजमर्रा की अंग्रेजी सिखाती हैं। उनकी इस मेहनत और लगन ने आज उन्हें देश भर में एक अलग पहचान दिला दी है।





