39 साल बाद फिर साथ दिखेंगे ‘राम-सीता’; OTT पर रिलीज होगी फिल्म ‘नोटिस’

Arun Govil Dipika Chikhlia: भारतीय टेलीविजन इतिहास के सबसे लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिक ‘रामायण’ (1987) में भगवान राम और माता सीता का कालजयी किरदार निभाने वाले अरुण गोविल (Arun Govil) और दीपिका चिखलिया (Dipika Chikhlia) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है।

पूरे 39 साल के लंबे अंतराल के बाद यह आइकॉनिक जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर वापसी करने जा रही है। दोनों कलाकार आगामी हिंदी फिल्म ‘नोटिस’ (Notice) में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे।

फिर दिखेगी अरुण और दीपिका को जोड़ी

प्रदीप गुप्ता के निर्देशन में बनी फिल्म ‘नोटिस’ में अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया एक बार फिर पति-पत्नी के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म के प्रोड्यूसर-एक्टर आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी के अनुसार, इस फिल्म में दोनों दिग्गज कलाकारों को भगवान राम और माता सीता के आधुनिक स्वरूप के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म की कहानी का मुख्य केंद्र एक 150 साल पुरानी दुकान है। यह कहानी उन लोगों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्होंने विकास और शहरीकरण के कारण अपने घर या कारोबार खो दिए हैं। मेकर्स का मानना है कि जहां सत्य और असत्य के बीच संघर्ष की कहानी हो, वहां राम-सीता की जोड़ी से बेहतर संदेश कोई नहीं दे सकता।

कहां रिलीज होगी फिल्म ‘नोटिस’?

फिल्म ‘नोटिस’ सिनेमाघरों के बजाय डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देगी। इसे प्रसार भारती के आधिकारिक सरकारी ओटीटी प्लेटफॉर्म WAVES पर स्ट्रीम किया जाएगा। यह फिल्म नवंबर महीने में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

गौरतलब है कि अरुण गोविल नितेश तिवारी की आगामी मेगा-बजट फिल्म ‘रामायण’ में भी नजर आने वाले हैं, जहां वह राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में 39 साल बाद ‘नोटिस’ के जरिए अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया को एक साथ फिर पर्दे पर देखना उनके करोड़ों प्रशंसकों के लिए बेहद भावुक और यादगार लम्हा होगा।

Back to top button