
यूपी कांग्रेस में नई शुरुआत, आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने संभाला प्रदेश अध्यक्ष की कमान
UP Congress President: आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाला, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के सम्मान पर दिया जोर।
Lucknow : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, नेहरू भवन में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं का सम्मान सुनिश्चित करने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र गौतम के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।
अजय राय से संभाला दायित्व
कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने औपचारिक रूप से आराधना मिश्रा ‘मोना’ को दायित्व हस्तांतरित किया। आराधना मिश्रा ने संगठन के लिए अजय राय के कार्यकाल में किए गए प्रयासों और योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रदेश में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं का सम्मान और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना, जिला एवं ब्लॉक इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और पार्टी की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाना भी उनके प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की असली ताकत बताते हुए कहा कि उनके विश्वास, अनुभव और सहयोग से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं की भूमिका होगी अहम
नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और जिला, ब्लॉक तथा बूथ इकाइयों के बीच तालमेल बढ़ाने की चुनौती होगी। आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की भागीदारी और सम्मान को प्राथमिकता दी जाएगी।
उनके पदभार ग्रहण के साथ ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन में नई जिम्मेदारी और नए संकल्पों के साथ काम शुरू करने का संदेश दिया गया है।





