
मॉडलिंग की आड़ में चल रहा था खेल? श्रद्धा दुबे के फ्लैट से मिले आपत्तिजनक सामान
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक कारोबारी की इमारत से गिरकर हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं।
रविवार को पुलिस ने फोरेंसिक टीम और अधिकारियों की मौजूदगी में मॉडल व ब्लॉगर श्रद्धा दुबे के फ्लैट का दरवाजा खोलकर तलाशी ली, जहां से कई आपत्तिजनक वस्तुएं, नशीली दवाइयां और उत्तेजना बढ़ाने वाले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए हैं।
मॉडलिंग की आड़ में गैरकानूनी धंधों का शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि ब्लॉगर श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि मॉडलिंग की आड़ में संदेहास्पद और गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त थीं। कारोबारी शिवा की मौत के बाद जब पुलिस ने मामले की गहराई से छानबीन शुरू की, तो श्रद्धा के फ्लैट से मिले इन उपकरणों और सामग्रियों ने इस पूरे हाई-प्रोफाइल मामले को एक नया मोड़ दे दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस फ्लैट का इस्तेमाल किस तरह की गतिविधियों के लिए किया जाता था।
रसूखदारों के नंबर और ब्लैकमेलिंग का खेल
जांच के दौरान पुलिस के हाथ श्रद्धा और उसकी बहन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी लगी है, जिसमें 20 से अधिक रसूखदार लोगों, बिल्डर्स, माफियाओं और राजनीतिक दलों से जुड़े व्यक्तियों के नंबर मिले हैं। आरोप है कि दोनों बहनें हाई-प्रोफाइल लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे नजदीकियां बढ़ाती थीं और फिर उन्हें ब्लैकमेल कर मोटी रकम ऐंठती थीं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के तार कहां-कहां जुड़े हैं और इसमें कौन-कौन से सफेदपोश लोग शामिल हैं।
पुलिस लगातार दे रही दबिश
घटना के बाद से ही ब्लॉगर श्रद्धा दुबे फरार बताई जा रही है, जो कथित तौर पर अयोध्या रोड के रास्ते से भागी थी। पुलिस ने टोल प्लाजा और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसका रूट मैप तैयार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली से लेकर नेपाल तक संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है, और पुलिस जल्द ही इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।





