Lucknow: होटल सेलेस्टियल की 10वीं मंजिल से गिरी युवती, साथ ठहरा युवक फरार

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित ओमेक्स हजरतगंज में बने होटल सेलेस्टियल (Hotel Celestial) से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार शाम करीब छह बजे होटल की 10वीं मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 1037 की बालकनी से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरकर 24 वर्षीय युवती की मौत हो गई।

हादसे के तुरंत बाद युवती के साथ कमरे में ठहरा युवक आनन-फानन में अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया, जिसके बाद इस पूरी घटना पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सुबह किया था चेक-इन

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान ठाकुरगंज (चौपटिया) के हाता सूरत सिंह चौक निवासी समरीन (24) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि सुल्तानपुर के दोस्तपुर निवासी अवनीश ने सोमवार सुबह होटल का कमरा नंबर 1037 बुक कराया था। सुबह करीब 11:45 बजे समरीन अवनीश से मिलने होटल के कमरे में पहुंची थी। शाम छह बजे के करीब तेज आवाज के साथ समरीन 10वीं मंजिल से नीचे आ गिरी।

होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज और कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस को दी। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती के नीचे गिरते ही कमरे में मौजूद अवनीश घबराकर लिफ्ट से नीचे उतरा और पार्किंग में खड़ी अपनी बाइक लेकर फरार हो गया।

गले पर मिले निशान

घटना की जानकारी मिलते ही सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस और फॉरेंसिक (फील्ड) यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान युवती के गले पर लाल रंग के निशान और शरीर पर गंभीर चोटें पाई गई हैं। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि अवनीश ने उनकी बेटी की हत्या की है और साक्ष्य छिपाने के लिए घटना के बाद भाग निकला।

पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड में दर्ज अवनीश के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।

ये भी पढ़े-मॉडलिंग की आड़ में चल रहा था खेल? श्रद्धा दुबे के फ्लैट से मिले आपत्तिजनक सामान

हादसे की ट्रिपल-एंगल से जांच

डीसीपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की हत्या, आत्महत्या और हादसा तीनों एंगल से गहन जांच कर रही है। होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फॉरेंसिक टीम ने कमरे से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार युवक अवनीश की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

ये भी पढ़े-डिप्टी CM आवास के सामने ANM का प्रदर्शन, 2027 में परिणाम भुगतने की दी चेतावनी

Back to top button