डिप्टी CM आवास के सामने ANM का प्रदर्शन, 2027 में परिणाम भुगतने की दी चेतावनी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में संविदा पर कार्यरत महिला ANM कर्मियों का गुस्सा लगातार सातवें दिन भी फूट पड़ा। पिछले 6 दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रही महिला ANM कर्मियों ने सोमवार को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक (Brajesh Pathak) के राजभवन कॉलोनी स्थित सरकारी आवास का घेराव कर दिया।

आवास के बाहर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रही इन महिला कर्मियों का आरोप है कि इतने दिनों से लगातार गुहार लगाने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

पुलिस ने इको गार्डन भेजा

डिप्टी सीएम के आवास के बाहर अचानक हुए इस जोरदार प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आ गया। सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिला ANM कर्मियों को समझा-बुझाकर आवास के बाहर से हटाया और बसों के जरिए सभी को इको गार्डन (Eco Garden) भेज दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की तीखी नोकझोक भी देखने को मिली।

संविदा ANM कर्मियों की मांगें

प्रदर्शन कर रही महिला स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में अनुबंध के आधार पर सेवाएं दे रही हैं, लेकिन उन्हें उनका हक नहीं मिल रहा है। उनकी मुख्य मांगें निम्नलिखित हैं:

  • सभी संविदा और आउटसोर्सिंग ANM कर्मियों को तत्काल प्रभाव से नियमित (स्थायी) किया जाए।

  • नियमित कर्मियों की तर्ज पर ही संविदा कर्मियों को भी समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए।

  • महिला कर्मियों की मांग है कि उन्हें उनके गृह जिलों (होम डिस्ट्रिक्ट) में ही तैनात किया जाए।

  • स्वास्थ्य बीमा (Health Insurance) और नियमित EPF (कर्मचारी भविष्य निधि) अंशदान का लाभ भी प्रदान किया जाए।

सरकार को दी चेतावनी

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया और उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख नहीं अपनाया, तो इसका खामियाजा आने वाले साल 2027 के विधानसभा चुनाव में सरकार को भुगतना पड़ेगा। महिला कर्मियों ने दो टूक कहा कि उनका यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक शासन स्तर से लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता।

Back to top button