
मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की गोली मारकर हत्या
Punjab: पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले एंटी ड्रग टास्क फोर्स के संचालक परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने उन पर फायरिंग की। घटना में झोटा के एक साथी के भी गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। नशे की बिक्री को लेकर हुआ विवाद प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परविंदर सिंह झोटा एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचे थे।
उन्होंने दुकानदार अश्वनी कुमार से सवाल किया कि सुबह दुकान से नशीला पदार्थ किसने खरीदा और उसे किसने बेचा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मेडिकल स्टोर संचालक ने झोटा पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में उनकी मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी दुकान बंद करके मौके से फरार हो गया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि वीडियो में झोटा और मेडिकल स्टोर संचालक के बीच विवाद दिखाई देता है। इसके बाद फायरिंग की घटना भी नजर आने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
बताया जाता है कि इससे पहले परविंदर झोटा ने संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक को जूतों की माला पहनाकर घुमाया था। इस पुराने विवाद को भी मौजूदा घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि हत्या के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की भारी तैनाती की गई। वहीं, परविंदर झोटा के समर्थक उनके घर पर इकट्ठा होने लगे। घटना के बाद मानसा में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। परविंदर सिंह झोटा मानसा में लंबे समय से नशे के खिलाफ अभियान चला रहे थे। बताया जाता है कि वह नशे की बिक्री रोकने के लिए सक्रिय रहते थे और कथित तौर पर नशा बेचने वालों को पकड़ने की कोशिश भी करते थे। इसी काम के दौरान उनके कई बार विवाद होने की बात सामने आई थी।





