
जनभवन में 5100 कन्याओं का पूजन करेगा प्रेरणा परिवार
Lucknow News: नवरात्रि के पावन और उत्सवी माहौल के बीच राजधानी लखनऊ में सामाजिक और सांस्कृतिक संस्था ‘प्रेरणा परिवार‘ की ओर से एक भव्य और अनुकरणीय आयोजन होने जा रहा है। आगामी 17 अक्टूबर को जनभवन (राजभवन प्रांगण) में विशाल स्तर पर 5100 कन्याओं का पूजन किया जाएगा।
इस आयोजन में लखनऊ और आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की सेवा बस्तियों से कन्याएं सम्मिलित होने के लिए पहुंचेंगी। कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करने के लिए गुरुवार को विश्व संवाद केंद्र जियामऊ में एक विशेष प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल होंगी मुख्य अतिथि
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रेरणा परिवार के अध्यक्ष गुंजित कालरा ने बताया कि इस ऐतिहासिक कन्या पूजन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। वहीं, विशिष्ट अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार और ‘हनुमान अंश’ की निर्माता श्रीमती रागिनी सोना जी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगी। इनके अलावा समाज के कई अन्य गणमान्य नागरिक और संघ के वरिष्ठ प्रचारक भी इस आध्यात्मिक और सामाजिक अनुष्ठान के साक्षी बनेंगे।
संस्था की सचिव शिखा भार्गव ने बताया कि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक व सामाजिक धरोहर को संजोए रखने के संकल्प के साथ मार्च 2024 में लखनऊ के 11 युवा दंपतियों द्वारा प्रेरणा परिवार का गठन किया गया था। संस्था का मूल उद्देश्य अपनी सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करना और आने वाली युवा पीढ़ी के मन में उसके प्रति गौरव का भाव जागृत करना है।
सनातन संस्कृति का संदेश
प्रेरणा परिवार के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि इस विशाल आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में समरसता की भावना को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से सेवा बस्तियों के साथ-साथ समाज के प्रबुद्ध वर्ग को भी यह संदेश देना है कि संपूर्ण समाज एक परिवार है।
श्लोक चौधरी और यशवर्धन अग्रवाल ने जानकारी दी कि जनभवन पहुँचने पर सबसे पहले कन्याओं का पाँव प्रक्षालन (चरण धोने) किया जाएगा, जिसके बाद तिलक लगाकर और माता की चुनरी ओढ़ाकर उनका स्वागत किया जाएगा। पूजन के उपरांत सभी कन्याओं को भोजन प्रसाद की थाली, दक्षिणा और उपहार स्वरूप कॉपियां, कलमें व पठन-पाठन की पुस्तकें भेंट की जाएंगी।
आयोजकों ने बताया कि जनभवन में प्रेरणा परिवार का यह तीसरा बड़ा कार्यक्रम है, जो नई पीढ़ी में भारतीय संस्कारों के प्रति जागरूकता और सम्मान बढ़ाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान विश्व संवाद केंद्र के प्रमुख डॉ. उमेश और बृजनंदन राजू भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।





