नशे व संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है पंजाब:Amit Shah

हम सिर्फ घोषणाएं नहीं करते, जनता को परिणाम देते हैं:HM

Amit Shah Union Home Minister: भारत सरकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पंजाब आज नशे, गैंगस्टरवाद व संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है। उन्होंने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर गंभीर सवाल उठाए और कहा कि पंजाब की जनता को प्रचार नहीं, बल्कि जवाब चाहिए और घोषणाओं की जगह परिणाम चाहिए। गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया पंजाब आज नशे, गैंगस्टरवाद व संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है।

भगवंत मान सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर पंजाब की जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? शाह ने दिरबा में एक पिता के दबाव में जहर खाने और मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हुई हत्या की घटनाओं का जिक्र किया। साथ ही, उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय भी इन दोनों घटनाओं पर पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा।

उन्होंने पोस्ट में लिखा दिरबा में एक पिता का दबाव में जहर खा लेना और मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परविंदर के पिता ने आम आदमी पार्टी सरकार और उनके विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

अमित शाह ने कहा कि पंजाब में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, संगठित अपराध का खतरा बढ़ रहा है और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “भगवंत मान जी, पंजाब की जनता को प्रचार नहीं, बल्कि जवाब और घोषणाएं नहीं, बल्कि परिणाम चाहिए। नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार और अपराधियों को मिलने वाले किसी भी राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच चाहिए।

अमित शाह ने पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर नशामुक्त, गैंगस्टरमुक्त और सुरक्षित पंजाब बनाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा पंजाब में हमारी सरकार बनने पर हम नशामुक्त, गैंगस्टरमुक्त और सुरक्षित पंजाब बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है नशे के कारोबार पर प्रहार, युवाओं के भविष्य की रक्षा, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और कानून का ऐसा राज, जिसमें कोई भी नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर न हो।

पंजाब भाजपा के नेता और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बड़े पैमाने पर ड्रग तस्करी का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की देर से हुई मीटिंग पर भी सवाल उठाया।
तरुण चुघ ने कहा पंजाब में गैंगस्टर जेलों को अपना दफ्तर बनाकर इस्तेमाल कर रहे हैं। राज्य दिनों दिन कानून व्यवस्था की समस्या में फंसता जा रहा है। यहां हालात ऐसे हैं कि लगातार शहरों के प्रमुख लोगों को निशाना बनाया जा रहा है और गोलियां मारी जा रही हैं। लोगों को डरा-धमकाकर रंगदारी मांगी जा रही है। पंजाब में गुंडा टैक्स इकट्ठा हो रहा है। यहां कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और राज्य के मंत्रियों ने अपने घरों पर कलेक्शन सेंटर और टॉर्चर सेंटर खोले हैं। जो कलेक्शन देगा तो ठीक, अन्यथा उसे टॉर्चर किया जा रहा है और टेंडरों पर हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब आज हाशिए पर पहुंच चुका है।

Back to top button