दिव्या मित्तल के चुनाव लड़ने के ऐलान पर अमिताभ ठाकुर का समर्थन

Amitabh Thakur Supports Divya Mittal: उत्तर प्रदेश की राजनीति में हाल ही में अपनी नई पार्टी ‘जननीति भारत’ (Jan Niti Bharat) के गठन का ऐलान करने वाली पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल (Divya Mittal) को एक बड़ा राजनीतिक समर्थन मिला है।

आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर (Amitabh Thakur) ने पूर्व आईएएस अधिकारी के राजनीतिक मैदान में उतरने और मीरजापुर से विधानसभा चुनाव लड़ने के निर्णय का दिल से स्वागत करते हुए उनके चुनावी अभियान को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।

‘पारदर्शिता वाली राजनीति की जरूरत’

पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. नूतन ठाकुर की ओर से जारी बयान में अमिताभ ठाकुर ने कहा कि दिव्या मित्तल का मीरजापुर से चुनाव लड़ने का फैसला क्षेत्र की राजनीति में एक सकारात्मक और बेहद सार्थक पहल सिद्ध हो सकता है। आजाद अधिकार सेना उनके इस राजनीतिक कदम का स्वागत करती है और मीरजापुर में उनके चुनावी अभियान के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त करती है।

उन्होंने आगे कहा कि देश और प्रदेश में आज ऐसी राजनीति की सबसे अधिक आवश्यकता है, जो जनहित, पारदर्शिता, प्रशासनिक जवाबदेही और संवैधानिक मूल्यों को सर्वोपरि रखे। उन्हें पूरी आशा है कि इन साझा उद्देश्यों और सिद्धांतों के आधार पर भविष्य में ‘आजाद अधिकार सेना’ और ‘जननीति भारत’ के बीच एक मजबूत, सार्थक एवं फलदायी राजनीतिक साझेदारी विकसित हो सकेगी।

ये भी पढ़े- UP News: एयरपोर्ट-सड़कों के निर्माण में खपाई डुप्लीकेट सीमेंट, डिस्ट्रीब्यूटर ही निकले जालसाज

सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता

अमिताभ ठाकुर ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि जनहित, सुशासन और जवाबदेह शासन व्यवस्था के प्रति दोनों संगठनों की साझा प्रतिबद्धता भविष्य में आपसी रचनात्मक सहयोग का एक बेहतरीन आधार बनेगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रशासनिक पृष्ठभूमियों से जुड़े नेताओं के इस तरह एक मंच पर आने से आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के समीकरणों में दिलचस्प बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

ये भी पढ़े- पूर्व IAS द‍िव्‍या म‍ित्तल ने बनाई नई पार्टी, मिर्जापुर सदर से लड़ेंगी चुनाव

Back to top button