कानपुर में डांडिया इवेंट; आयोजकों पर भड़कीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा

Anjali Arora Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में एक डांडिया कार्यक्रम के दौरान हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा (Anjali Arora) कानपुर के मोतीझील स्थित लाजपत भवन पहुंची थीं, लेकिन कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं और डीजे की एक हरकत पर उनका गुस्सा फूट पड़ा।

खराब मैनेजमेंट और मंच पर अचानक उनका पुराना वायरल गाना बजने से नाराज अंजलि ने बीच में ही कार्यक्रम छोड़ दिया और आयोजकों को खरी-खोटी सुनाई।

कुप्रबंध को देखकर भड़कीं इन्फ्लुएंसर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के प्रतिष्ठित लाजपत भवन में ‘नगाड़ा नाइट’ डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। अंजलि अरोड़ा को देखने और उनके साथ थिरकने के लिए हजारों की संख्या में फैंस और दर्शक पहुंचे हुए थे। तय कार्यक्रम के मुताबिक अंजलि मंच पर पहुंचीं और उन्होंने शुरुआत में ‘नगाड़ा संग ढोल बाजे’ गाने पर दर्शकों के साथ ठुमके भी लगाए।

लेकिन कुछ ही देर बाद जब उन्होंने भीड़ में खड़े दर्शकों को कुप्रबंध के कारण परेशानी में देखा, तो उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने मंच से ही माइक संभालते हुए आयोजकों से सवाल किया कि यह कैसा इंतजाम है जहां ऑडियंस की सुरक्षा और सुविधा का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने यहाँ तक कहा कि इस तरह के लचर प्रबंधन से कलाकारों और जनता दोनों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

‘कच्चा बादाम’ गाना बजते ही छोड़ा मंच

विवाद तब और बढ़ गया जब कार्यक्रम के दौरान डीजे ने अचानक उनका चर्चित पुराना गाना ‘कच्चा बादाम’ बजा दिया। इस गाने के बजते ही अंजलि भड़क उठीं और उन्होंने तुरंत डांस रोक दिया। गुस्से में लाल अंजलि ने माइक पर आकर आयोजकों और मैनेजमेंट को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि क्या किसी आर्टिस्ट की इज्जत करने का यही तरीका है? उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि इस तरह का कुप्रबंध रहेगा, तो भविष्य में कोई भी बड़ा कलाकार कानपुर आने से बचेगा।

इसके बाद जब आयोजकों ने उन्हें सम्मान के रूप में ‘मोमेंटो’ (स्मृति चिन्ह) देना चाहा, तो उन्होंने उसे लेने से भी साफ इनकार कर दिया। अंत में वह दर्शकों की तरफ से चंद सेकेंड की सेल्फी लेने के बाद गुस्से में मंच छोड़कर चली गईं। उनके अचानक इस तरह कार्यक्रम बीच में छोड़कर चले जाने से वहां मौजूद फैंस और आयोजक हैरान रह गए, और यह पूरा मामला अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

Back to top button