
तलाक के बाद डिप्रेशन और शराब की लत, युजवेंद्र चहल ने 26 दिन रिहैब में बिताए
Yuzvendra Chahal: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) ने अपनी निजी जिंदगी और करियर के सबसे अंधकारमय दौर को लेकर दिल दहला देने वाला खुलासा किया है। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान चहल ने स्वीकार किया कि वैवाहिक जीवन टूटने के बाद वे गहरे मानसिक तनाव, गंभीर एंग्जायटी और पैनिक अटैक से जूझ रहे थे।
इस मुश्किल दौर में वे शराब की गंभीर लत का शिकार हो गए थे, जिससे बाहर निकलने के लिए उन्हें 26 दिनों तक रिहैब सेंटर में भर्ती रहना पड़ा था।
‘पैनिक अटैक में बोल नहीं पाता था’
अपनी आपबीती सुनाते हुए चहल ने बताया कि तलाक के बाद उनका मानसिक संतुलन और शारीरिक स्वास्थ्य पूरी तरह बिगड़ गया था। उन्होंने कहा, “पैनिक अटैक के दौरान मेरा चेहरा सिकुड़ जाता था और होंठ एक तरफ खिंच जाते थे, जिससे लोग समझ जाते थे कि मेरे साथ कुछ गड़बड़ है। मैं उस वक्त बोल भी नहीं पाता था। तब मुझे समझ आया कि डिप्रेशन और एंग्जायटी कितनी खतरनाक हो सकती है।”

चहल ने बताया कि इस मुश्किल दौर का असर उनके खेल पर भी पड़ने लगा था। इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलने के दौरान जब हालात हद से बाहर हो गए, तब उन्होंने फैसला किया कि वे खुद को संभालेंगे और एक रिहैब सेंटर में 26 दिनों के लिए भर्ती हो गए।
ये भी पढ़े-IND vs WI: पांचवें T20 के लिए टीम इंडिया से जुड़े भुवनेश्वर कुमार, इस वजह से मिला मौका
एबी डिविलियर्स की सलाह ने बदली जिंदगी
युजवेंद्र चहल ने बताया कि इस कठिन समय में उनके पूर्व आरसीबी साथी खिलाड़ी एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) की एक सलाह उनके काम आई। चहल ने कहा, “एबी ने मुझसे एक बार कहा था कि जीवन में संतुलन (Balance) सबसे जरूरी है। जब मेरी निजी जिंदगी में सब कुछ बिखर रहा था, तब मुझे अहसास हुआ कि अगर मैं इसी रास्ते पर चलता रहा, तो अपने सबसे पसंदीदा खेल क्रिकेट को खो दूंगा।”
रिहैब सेंटर से बाहर आने के बाद चहल ने अपनी फिटनेस पर नए सिरे से काम किया। आईपीएल 2025 की नीलामी में पंजाब किंग्स (PBKS) द्वारा 18 करोड़ रुपये में खरीदे जाने के बाद उनके अंदर एक नया आत्मविश्वास जागा। चहल ने कहा कि अब वे पूरी तरह से संतुलित हैं, मानसिक रूप से मजबूत महसूस कर रहे हैं और उनका पूरा ध्यान मैदान पर वापसी करने पर केंद्रित है।
ये भी पढ़े-IND vs ZIM: स्मृति मंधाना की कप्तानी में महिला टीम का नया आगाज, कब-कहां देखें मुकाबला?





