
BCCI: टीम इंडिया के सेलेक्टर की रेस में नया ट्विस्ट, इस धुरंधर ने भी किया आवेदन
BCCI Chief Selector Race: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पुरुष चयन समिति के मुख्य चयनकर्ता (Chief Selector) पद को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने के बाद खाली हुए इस पद के लिए पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वासिम जाफर (Wasim Jaffer) ने औपचारिक रूप से आवेदन कर दिया है।
जाफर ने खुद इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने चयनकर्ता पद के लिए अपना आवेदन जमा कर दिया है।
जाफर का पलड़ा भारी
बीसीसीआई के मौजूदा नियमों के अनुसार, चयन समिति में सबसे अधिक टेस्ट मैच खेलने वाले पूर्व खिलाड़ी को समिति का अध्यक्ष (चीफ सेलेक्टर) नियुक्त किया जाता है। वासिम जाफर ने भारत के लिए 31 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 1,944 रन बनाए हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो आवेदकों में सबसे ज्यादा टेस्ट अनुभव होने के कारण जाफर इस पद के सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं।
हालांकि, इस रेस में पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा (Pragyan Ojha) और पूर्व ऑफ स्पिनर व कोच रमेश पोवार (Ramesh Powar) का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है। प्रज्ञान ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट मैच खेले हैं।
ये भी पढ़े- IND vs WI: पांचवें T20 के लिए टीम इंडिया से जुड़े भुवनेश्वर कुमार, इस वजह से मिला मौका
CAC करेगी उम्मीदवारों का इंटरव्यू
बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC), जिसमें अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल हैं, जल्द ही इस पद के लिए आवेदन करने वाले संभावित पूर्व खिलाड़ियों के साक्षात्कार (Interview) की प्रक्रिया शुरू करेगी।
आगामी 2027 वनडे वर्ल्ड कप और महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई एक ऐसा चयन बोर्ड तैयार करना चाहता है जो भारतीय टीम के भविष्य के रोडमैप को मजबूती से आकार दे सके।
ऐसे में यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि सीएसी और बीसीसीआई जाफर के विशाल घरेलू व अंतरराष्ट्रीय अनुभव पर दांव लगाती है या प्रज्ञान ओझा को इस जिम्मेदारी के लिए चुनती है।
ये भी पढ़े- तलाक के बाद डिप्रेशन और शराब की लत, युजवेंद्र चहल ने 26 दिन रिहैब में बिताए





