
टीम इंडिया को मिला नया चीफ सिलेक्टर, BCCI ने किया अगरकर के रिप्लेसमेंट का ऐलान
Pragyan Ojha as Chief Selector: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने राष्ट्रीय चयन समिति को लेकर अहम फैसला लिया है। अजीत आगरकर का कार्यकाल पूरा होने के बाद बीसीसीआई ने पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा (Pragyan Ojha) को सीनियर पुरुष चयन समिति का नया पूर्णकालिक मुख्य चयनकर्ता (Chief Selector) नियुक्त कर दिया है।
इसके साथ ही, पश्चिम क्षेत्र (West Zone) का प्रतिनिधित्व करते हुए पूर्व स्पिनर रमेश पोवार (Ramesh Powar) को चयन समिति के नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
अजीत आगरकर की जगह लेंगे रमेश पोवार
अजीत आगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली हुए पद के लिए बीसीसीआई ने आवेदन आमंत्रित किए थे। सीनियर चयन समिति में पश्चिम क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले पूर्व भारतीय गेंदबाज रमेश पोवार को जगह मिली है। पोवार इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं, और उनके पास कोचिंग व क्रिकेट का लंबा अनुभव है।
ये भी पढ़े- Ind vs Zim: शेफाली-स्मृति की जोड़ी ने रचा इतिहास, जिंब्बावे के खिलाफ बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
प्रज्ञान ओझा बने चीफ सेलेक्टर
प्रज्ञान ओझा इससे पहले अंतरिम मुख्य चयनकर्ता के रूप में कार्यभार संभाल रहे थे। अब बोर्ड ने उनकी वरिष्ठता और अनुभव को देखते हुए उन्हें मुख्य पद की स्थायी जिम्मेदारी सौंप दी है। ओझा के नेतृत्व में यह चयन समिति आगामी दौरों और टूर्नामेंटों के लिए भारतीय टीम का चयन करेगी।
क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) द्वारा पूरी चयन प्रक्रिया को पूरा करने के बाद इस नई समिति की घोषणा की गई है। पांच सदस्यीय इस वरिष्ठ पुरुष चयन समिति में अब प्रज्ञान ओझा और रमेश पोवार के अलावा शिव सुंदर दास, अजय रात्रा और आरपी सिंह जैसे पूर्व दिग्गज भी शामिल हैं। देखना यह होगा कि नई चयन समिति के मार्गदर्शन में भारतीय क्रिकेट टीम आने वाले समय में किन नए और युवा खिलाड़ियों को मौका देती है।
ये भी पढ़े- Asian Para Games: निशानेबाजी में भारत की डबल फाइट! मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड





