Asian Para Games: निशानेबाजी में भारत की डबल फाइट! मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड

Asian Para Games 2026: जापान के आइची-नागोया में आयोजित हो रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 (Asian Para Games 2026) का आगाज भारतीय एथलीटों के शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ है। खेलों के शुरुआती चरण में ही भारतीय दल ने निशानेबाजी, तीरंदाजी और जूडो जैसे खेलों में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए देश की झोली में पदक डालना शुरू कर दिया है।

पैरा बैडमिंटन में भारत के नितेश कुमार और तुलसिमथी मुरुगेसन ने मिक्स्ड डबल्स एसएल3-एसूय5 के सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम एक मेडल पक्का कर लिया है।

शूटिंग रेंज में भारत का कब्जा

महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 (10m Air Rifle Standing SH1) स्पर्धा के फाइनल में भारत की दो दिग्गज निशानेबाजों मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पूरे मुकाबले के दौरान दबाव में भी अपने संयम को बनाए रखते हुए राजस्थान की मोना अग्रवाल ने 250.0 अंक हासिल कर भारत के लिए गोल्ड मेडल (Gold Medal) अपने नाम किया। वहीं, स्टार निशानेबाज अवनि लेखरा 249.6 अंकों के साथ बेहद मामूली अंतर से दूसरे स्थान पर रहीं और उन्होंने सिल्वर मेडल (Silver Medal) हासिल किया।

पुरुष वर्ग के 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 इवेंट में भारत के स्वरूप उन्हाल्कर भी पदक के बेहद करीब पहुंचे, हालांकि वे 4वें स्थान पर रहकर पदक से चूक गए।

पैरा आर्चरी में भी बने रिकॉर्ड

तीरंदाजी (Para Archery) के मुकाबलों में भारत की तीरंदाजों ने इतिहास रच दिया।

  • शीतल देवी: भारत की प्रसिद्ध बिना हाथों वाली स्टार तीरंदाज शीतल देवी ने महिलाओं के कंपाउंड क्वालिफिकेशन राउंड में 720 में से 704 अंक हासिल कर एक नया एशियन रिकॉर्ड (Asian Record) कायम किया।

  • स्वाति चौधरी: स्वाति चौधरी ने महिलाओं के W1 आर्चरी इवेंट के रैंकिंग राउंड में 648 अंक हासिल करके एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड स्थापित किया और पहला स्थान हासिल किया।

जूडो में पक्का हुआ मेडल

जूडो के मुकाबलों में महिलाओं के J2 -52kg सेमीफाइनल में भारत की कोकिला ने बहुत बड़ा उलटफेर करते हुए चीन की मौजूदा विश्व चैंपियन यी लियू को पराजित किया। इस जीत के साथ ही कोकिला ने फाइनल में प्रवेश कर भारत के लिए कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है।

इसके अलावा, बैडमिंटन, पैरा स्विमिंग और एथलेटिक्स में भी निषाद कुमार, प्रमोद भगत और हरविंदर सिंह जैसे दिग्गज खिलाड़ियों का अभियान जोर-शोर से आगे बढ़ रहा है, जिससे आगामी दिनों में भारत के पदकों की संख्या में भारी उछाल आने की पूरी उम्मीद है।

Back to top button