शिवा शर्मा मर्डर केस: नागपुर कोर्ट में पेश की जाएगी श्रद्धा दुबे; लखनऊ लाने की तैयारी में UP पुलिस

Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के बहुचर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड (Shiva Sharma Murder Case) में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले की मुख्य आरोपी और मॉडल-इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे (Shraddha Dubey), उसकी बहन रश्मी दुबे और ड्राइवर दानिश को उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया था।

अब कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को नागपुर जिला अदालत में पेश किए जाने की तैयारी है।

ट्रांजिट रिमांड की तैयारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों को मंगलवार को हिरासत में लेने के बाद नागपुर के अलग-अलग थानों में रखा गया था। कानूनी प्रक्रियाओं और कागजी औपचारिकताओं में मामूली देरी के बाद अब बुधवार को इन्हें नागपुर जिला कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

इस पेशी के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस अदालत के समक्ष ट्रांजिट रिमांड (Transit Remand) की मांग करेगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य अदालत से अनुमति लेकर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर को सड़क या हवाई मार्ग से तुरंत लखनऊ शिफ्ट करना है, ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य राजफाश किए जा सकें।

11 दिनों की फरारी के बाद हत्थे चढ़े आरोपी

गौरतलब है कि लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत व्यवसायी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद से यह मामला सुर्खियों में आया था। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में नाम आने के बाद से श्रद्धा दुबे और अन्य आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस ने इन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक, फरारी के दौरान आरोपी पेशेवर अपराधियों की तरह लगातार अपनी लोकेशन, गाड़ियां और ठिकाने बदल रहे थे। पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनने और छोटे होटलों में रुकने जैसी तरकीबें अपनाई जा रही थीं। हालांकि, तकनीकी सर्विलांस और यूपी एसटीएफ की सतर्कता के चलते आखिरकार नागपुर के चिंच भवन इलाके से इन्हें दबोच लिया गया।

लखनऊ लाकर होगी पूछताछ

नागपुर कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद यूपी पुलिस तीनों आरोपियों को लेकर लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ में पुलिस हिरासत के दौरान इनसे लंबी पूछताछ की जाएगी, जिसमें यह पता लगाने का प्रयास होगा कि इस हत्याकांड के पीछे असली वजह क्या थी और फरारी के दौरान इन्हें किन-किन लोगों ने संरक्षण और आर्थिक मदद पहुंचाई थी। इस खुलासे के बाद कई अन्य चेहरों के बेनकाब होने की भी संभावना जताई जा रही है।

Back to top button