Asian Para Games: भारत ने रचा नया इतिहास, पैरा एशियाई खेलों में लगाया पदकों का शतक

Asian Para Games 2026: जापान के आची-नागोया में आयोजित हो रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने देश का मान पूरी दुनिया में एक बार फिर बढ़ा दिया है। प्रतियोगिता के पांचवें दिन भारतीय दल ने शानदार प्रदर्शन की बदौलत 100 पदकों के ऐतिहासिक आंकड़े (100-Medal Mark) को पार कर लिया है।

एथलेटिक्स ट्रैक से लेकर बैडमिंटन कोर्ट तक भारतीय खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों की झड़ी लगा दी है, साथ ही कई वर्ल्ड और गेम्स रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं।

मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड

एशियन पैरा गेम्स में मोना अग्रवाल ने अपना दूसरा गोल्ड मेडल जीता है। मोना ने महिलाओं की 50 मीटर 3P SH1 स्पर्धा में 357.5 अंकों के साथ एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।

बैडमिंटन कोर्ट पर भारत का दबदबा

दिन की शुरुआत बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भारत के शानदार प्रदर्शन के साथ हुई। पुरुष सिंगल्स SL3 वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में नितेश कुमार (Nitesh Kumar) ने अपने ही देश के प्रमोद भगत को सीधे सेटों में 21-18, 21-16 से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि प्रमोद भगत को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

इसके तुरंत बाद पुरुष सिंगल्स SL4 वर्ग में नवीन शिवकुमार (Niven Sivakumar) ने इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को 21-9, 21-17 से करारी शिकस्त देकर भारत की झोली में एक और स्वर्ण पदक डाल दिया। इसके अलावा तुलसीमथुरु मुरूगेसन (SU5 वर्ग) और निथ्या श्री (SH6 वर्ग) ने भी शानदार खेल दिखाते हुए देश के लिए रजत पदक जीते।

ये भी पढ़े- Asian Para Games: गोल्ड मेडलिस्ट की शर्मनाक करतूत! यौन उत्पीड़न के आरोप में जापान से डिपोर्ट

कुल पदकों की संख्या 103

मोना अग्रवाल द्वारा जीता गया गोल्ड जारी संस्करण में भारत का 27वां गोल्ड है। कुल पदकों की संख्या 103 हो गई है। भारत ने 33 सिल्वर और 43 ब्रॉन्ज़ मेडल जीत लिए हैं। पदक तालिका में भारत चौथे नंबर पर है। पहले नंबर पर चीन है, जिन्होंने 170 गोल्ड जीत लिए हैं। 50 गोल्ड के साथ जापान दूसरे और 41 गोल्ड के साथ उज्बेकिस्तान तीसरे नंबर पर है।

पैरा एथलेटिक्स और शूटिंग प्रतियोगिताओं में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्टता का परिचय दिया है। इसी के साथ भारत ने एशियाई पैरा खेलों के इस संस्करण में 100 पदकों के जादुई आंकड़े को सफलतापूर्वक पार कर लिया, जिसे लेकर देश भर के खेल प्रेमियों और खेल मंत्री ने पूरी टीम को बधाई दी है।

ये भी पढ़े-Asian Para Games: सिमरन और दिलीप ने जीता गोल्ड, भारत का मेडल टैली 50 के पार

Back to top button