सिंगापुर फिल्म फेस्टिवल में भावुक हुए आमिर खान, बोले-काम के चक्कर में गंवा दिए रिश्ते

Aamir Khan ने हाल ही में सिंगापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अपने 30 साल के करियर के बारे में बात की, जिसके कारण वह परिवार पर ध्यान नहीं दे पाए। इस दौरान वह इमोशनल हो गए।

आमिर खान ने तीन शादी की हैं। पहली शादी रीना दत्ता से हुई, जिनके साथ दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं। दूसरी शादी किरण राव से की, जिनसे उनका एक बेटा आजाद है। जबकि पिछले दिनों उन्होंने तीसरी शादी गौरी स्प्रैट की, जिनका पहली शादी से एक बेटा है।

आमिर ने परिवार संग रिश्तों पर क्या कहा

कार्यक्रम में आमिर बोले, “जब मैं कोविड के दौरान बैठा सोच रहा था, मुझे अहसास हुआ कि मेरी जिंदगी के करीब 30 साल बीत चुके हैं। 1, 2 या 5 साल तक अपने काम के जुनून में पागलों की तरह लगे रहना ठीक है, लेकिन अगर ये 30 सालों तक चलता रहे तो इसका मतलब है कि आपने अपने रिश्ते खो दिए हैं। बच्चे बड़े होकर वयस्क हो चुके हैं, इसलिए मुझे एक गहरे नुकसान और खालीपन का अहसास हुआ।”

अपनी बात कहते हुए 61 वर्षीय आमिर अपने आंसुओं को रोकने के लिए संघर्ष करते दिखे। खुद को संभालने के लिए जब वो थोड़े समय के लिए रुके तो उन्होंने दर्शकों से माफी मांगी, जिस पर पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अक्सर अपनी हर फिल्म में बारीक तैयारी, रचनात्मक महत्वाकांक्षा और सिनेमा के प्रति जुनूनी प्रतिबद्धता के लिए पहचाने जाने वाले आमिर के लिए यह एक बेहद दुर्लभ और भावुक पल था।

सफलता बनी जी का जंजाल

बातचीत के दौरान आमिर ने अपने शुरुआती करियर के उस अनिश्चित दौर को याद किया, जब उनकी पहली फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ की सफलता उनके लिए एक जाल बन गई थी। सफलता के जोश में उन्होंने 6 महीने के भीतर 9 फिल्में साइन कर लीं, लेकिन जब ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर पिटने लगीं तो वो भारी दबाव में आ गए। उन्हें डर सताने लगा कि कहीं उन्हें एक हिट देकर गायब होने वाला मानकर भुला न दिया जाए।

लगातार फिल्में फ्लॉप होने पर आमिर घर लौटकर अपनी पूर्व पत्नी रीना दत्ता के सामने रो पड़े थे। एक फिल्म से मशहूर हुआ सितारा के ठप्पे ने उनके मन में करियर को लेकर खौफ गहरा कर दिया था। उस दौर को याद कर आमिर बोले, “उस समय मानसिक और भावनात्मक रूप से मुझे लगा कि मै दलदल में फंसा हुआ हूं। मैं धीरे-धीरे धंस रहा। जितना बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था, उतना ही गहरा समाता जा रहा था।

सिंगापुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में आमिर खान 9 साल पहले अपनी फिल्म ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ के लिए शामिल हुए थे। इस बार वो बतौर निर्माता अपनी पहली कालजयी फिल्म ‘लगान’ की 25वीं वर्षगांठ की खास स्क्रीनिंग के मौके पर पहुंचे हैं।

Back to top button