
Ramayana Part 2 नहीं होगी 2027 में रिलीज, मेकर्स ने टाली रणबीर कपूर की फिल्म
Ramayana Part 2 Release: निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के मेकर्स ने इसके दूसरे यानी सीक्वल पार्ट ‘रामायण पार्ट 2′ (Ramayana Part 2) की रिलीज डेट को आगे खिसका दिया है।
पहले यह फिल्म तय योजना के मुताबिक दिवाली 2027 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब दर्शकों को इसके लिए थोड़ा और लंबा इंतजार करना होगा।
फिल्म और बेहतर बनाने का फैसला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रणबीर कपूर और साउथ के सुपरस्टार यश स्टारर इस मेगा बजट फिल्म के निर्माताओं ने ‘रामायण पार्ट 2’ को दिवाली 2028 तक टालने का निर्णय लिया है। फिल्म से जुड़े करीबी सूत्रों का कहना है कि रामायण के दूसरे भाग में मुख्य रूप से महायुद्ध (युद्ध के दृश्य) और कई अहम नाटकीय मोड़ फिल्माए जाने हैं।
मेकर्स इस बात को लेकर बेहद गंभीर हैं कि फिल्म के विजुअल्स और एक्शन सीक्वेंस में किसी भी तरह की जल्दबाजी न हो, ताकि वैश्विक स्तर (Global Level) पर भारतीय सिनेमा का एक नया और बेहतरीन मानक स्थापित किया जा सके। यही वजह है कि फिल्म की शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन व वीएफएक्स पर ज्यादा समय देने के लिए इसकी रिलीज को एक साल आगे बढ़ाया गया है।
ये भी पढ़े- सिंगापुर फिल्म फेस्टिवल में भावुक हुए आमिर खान, बोले-काम के चक्कर में गंवा दिए रिश्ते
पहले पार्ट पर नहीं पड़ेगा कोई असर
खास बात यह है कि इस बदलाव का असर फिल्म के पहले हिस्से पर बिल्कुल भी नहीं पड़ेगा। ‘रामायण पार्ट 1’ (Ramayana: Part 1) निर्धारित समय के अनुसार इसी साल 5 नवंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में कई भाषाओं और फॉर्मेट्स (जैसे IMAX 3D) में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म की एडवांस बुकिंग और शुरुआती चर्चा को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण पार्ट 1’ के थिएटर में आने के बाद उसके पोस्ट-क्रेडिट सीन (Post-Credit Scene) के जरिए ही आधिकारिक रूप से ‘रामायण पार्ट 2’ की नई रिलीज यानी दिवाली 2028 की घोषणा की जा सकती है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल जैसे दिग्गजों से सजी इस भव्य गाथा को देखने के लिए फैंस अब दोनों भागों का अलग-अलग उत्साह के साथ इंतजार कर रहे हैं।
ये भी पढ़े- Udta Teer Review: जासूसी और कन्फ्यूजन का भरपूर डोज, पढ़ें आयुष्मान-सारा की फिल्म का रिव्यू





