
Lucknow News: एक आदेश पर दो बिल्डिंगों की सील खोलने वाले संबंधित अधिकारी को नोटिस
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के अमीनाबाद स्थित अजीत ज्वेलरी शोरूम की सील खोलने के मामले में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में कथित अनियमितता सामने आई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए LDA उपाध्यक्ष IAS प्रथमेश कुमार ने विहित प्राधिकारी PCS विपिन कुमार शिवहरे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, अमीनाबाद स्थित अजीत ज्वेलरी शोरूम की सील खोलने के लिए जारी आदेश में कथित तौर पर अनियमितता की गई। बताया जा रहा है कि एक अन्य इमारत से संबंधित आदेश का इस्तेमाल कर अजीत ज्वेलरी शोरूम की सील खुलवाने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण के उजागर होने के बाद LDA प्रशासन ने मामले की जांच और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू की है।
PCS अधिकारी को कारण बताओ नोटिस
मामले में नाराजगी जताते हुए LDA उपाध्यक्ष IAS प्रथमेश कुमार ने PCS अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे से स्पष्टीकरण मांगा है। इस मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियुक्ति विभाग को रिपोर्ट भेजने की कार्रवाई भी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पेशकार और सीनियर क्लर्क पर भी कार्रवाई
इस प्रकरण में PCS अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे के पेशकार और सीनियर क्लर्क मनीराम मौर्य की भूमिका भी जांच के दायरे में है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आदेश जारी करने और शोरूम की सील खोलने की प्रक्रिया में कहां और किस स्तर पर अनियमितता हुई।
ये भी पढ़े- UP PET अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत, रेलवे चलाएगा कई स्पेशल ट्रेन
जांच की जिम्मेदारी उप सचिव को
पूरे मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने के लिए LDA के उप सचिव माधवेश कुमार को नामित किया गया है। जांच में संबंधित आदेशों, दस्तावेजों और अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जा सकती है।
फिलहाल, मामले में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी जांच के निष्कर्षों के आधार पर तय होगी। PCS अधिकारी और अन्य संबंधित कर्मचारियों का पक्ष सामने आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।
ये भी पढ़े- लखनऊ में LEXQ उत्कृष्टता केंद्र शुरू, योगी बोले- तकनीक हमारी मददगार बने…





