
UP में PET परीक्षा में पकड़ा गया ‘मुन्नाभाई’, सैनेटरी पैड में छिपाकर लाया था डिवाइस
UP PET Exam Cheating: उत्तर प्रदेश में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के दौरान नकल का एक बेहद अजीबोगरीब और हाईटेक मामला सामने आया है। राज्य के झांसी जिले में एक परीक्षा केंद्र पर चेकिंग के दौरान एक ऐसा ‘मुन्नाभाई’ पकड़ा गया, जिसने नकल करने के लिए जो तरीका अपनाया उसे देखकर खुद शिक्षक और पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
आरोपी अभ्यर्थी अपने अंतःवस्त्रों में सैनिटरी पैड के भीतर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपाकर परीक्षा हॉल के अंदर बैठा था।
सरसराहट की हुई आवाज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना झांसी के नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र की है। यहां पीईटी परीक्षा की दूसरी पाली (दोपहर 3 से शाम 5 बजे के बीच) का संचालन हो रहा था। परीक्षा के दौरान कक्ष में शांति से पेपर चल रहा था, तभी वहां तैनात इनविजिलेटर (कक्ष निरीक्षक) को एक अभ्यर्थी के पास से लगातार हल्की सी ‘सरसराहट’ जैसी आवाज सुनाई दी। शुरुआत में तो कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब आवाज बार-बार आने लगी तो शिक्षक का माथा ठनक गया।
तलाशी ली तो उड़ गए होश
संदेह होने पर जब कक्ष निरीक्षक ने उस परीक्षार्थी की सख्ती से जांच और तलाशी ली, तो उसके छिपाए गए शातिर तरीके का पर्दाफाश हो गया। अभ्यर्थी ने अपने अंतःवस्त्रों में एक सैनिटरी पैड पहन रखा था और उसी पैड के अंदर शातिर तरीके से एक छोटी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस व अन्य उपकरण फिट किए गए थे। इसी डिवाइस के माध्यम से वह बाहर से प्रश्नों के उत्तर प्राप्त कर रहा था।
प्रयागराज का है आरोपी
मामले की सूचना तुरंत परीक्षा केंद्र के प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी परीक्षार्थी की पहचान आकाश पटेल निवासी प्रयागराज के रूप में हुई है। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के कब्जे से डिवाइस और अन्य संदेहास्पद वस्तुएं बरामद कर ली गई हैं।
पुलिस ने केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर नवाबाद थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस अनोखे मामले की चर्चा पूरे जिले में जोरों पर है।





