
पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर सोनिया, राहुल और खरगे ने दी श्रद्धांजलि
Indira Gandhi Death Anniversary: देश की पहली महिला प्रधानमंत्री और लौह महिला के रूप में विख्यात श्रीमती इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि (Indira Gandhi Death Anniversary) पर शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को पूरा देश उन्हें याद कर रहा है।
इस अवसर पर राजधानी नई दिल्ली स्थित उनके समाधि स्थल ‘शक्ति स्थल’ पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और परिजनों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के लिए उनके योगदान को याद किया।
शक्ति स्थल पर पहुंचे कांग्रेस के नेता
दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सुबह-सुबह शक्ति स्थल पहुंचे। तीनों नेताओं ने समाधि पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और मजबूत नेतृत्व के लिए उनके बलिदान कोद याद किया।
मल्लिकार्जुन खरगे ने साझा किया संदेश
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पूर्व पीएम को याद करते हुए लिखा कि अदम्य साहस, अटूट संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व की प्रतीक, देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस पर उन्हें शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, स्वाभिमान और आधुनिक भारत के निर्माण में उनका अमूल्य योगदान हमेशा हमारी राष्ट्रीय चेतना में जीवंत रहेगा। उनका साहस पार्टी और देश के लिए हमेशा प्रेरणास्त्रोत बना रहेगा।
ये भी पढ़े-दिल्ली-काशी के बीच शुरू हुई वंदे भारत ट्रेन, PM मोदी बोले- ‘ऐतिहासिक दिन’
राहुल-प्रियंका ने शेयर की यादें
राहुल गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी को याद करते हुए बचपन की एक बेहद भावुक तस्वीर साझा की और उनके साथ बिताए पलों को याद किया। इसके साथ ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी सोशल मीडिया पर अपनी दादी के साथ एक पुरानी और खूबसूरत ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर की। प्रियंका गांधी ने लिखा कि वह कितनी सुंदर, आकाश जैसी मुक्त, समुद्र जैसी गहरी, धरती जैसी सहनशील और अग्नि से भी अधिक तेजस्वी महिला थीं।
गौरतलब है कि आधुनिक भारत के राजनीतिक इतिहास में एक मजबूत और कड़े फैसले लेने वाली नेता के रूप में पहचानी जाने वाली इंदिरा गांधी ने देश की अर्थव्यवस्था, कृषि और सैन्य शक्ति को नई ऊंचाइयां देने में अहम भूमिका निभाई थी। 31 अक्टूबर 1984 को उनके कार्यकाल के दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से हर साल इस दिन को उनके बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाता है।
ये भी पढ़े-सरदार पटेल जयंती पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और गृहमंत्री समेत नेताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि





