
Cyclone: चक्रवाती तूफान ‘मुरुसु’ ने पकड़ा विकराल रूप, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
Cyclone Murasu Alert: चक्रवाती तूफान अर्नब के बाद अब एक और चक्रवात ‘मुरासु’ का असर देखने को मिलेगा। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘मुरुसु’ (Cyclone Murasu) ने खतरनाक रूप धारण कर लिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह सिस्टम एक गंभीर चक्रवाती तूफान (Severe Cyclonic Storm) में तब्दील हो चुका है और तेजी से पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है।
चक्रवात के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश, ओडिशा और उत्तरी तमिलनाडु के तटीय इलाकों में रेड अलर्ट (Red Alert) जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बचाव टीमों को तैनात कर दिया है।
आज रात ओंगोल के पास होगा लैंडफॉल
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरुसु’ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके आज यानी 2 नवंबर की देर रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच आंध्र प्रदेश के दक्षिण तटीय इलाकों नेल्लोर और नरसपुर के बीच ओंगोल (Ongole) के पास तट से टकराने (Landfall) की पूरी संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जो झटकों के साथ 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 2 नवंबर को पश्चिमी यूपी के मेरठ, इटावा, शिकोहाबाद, आगरा, अलीगढ़ में भारी बारिश हो सकती है। वहीं आजमगढ़, अयोध्या, गोंडा, रायबरेली, बाराबंकी और राजधानी लखनऊ में हवाओं की गति तेज हो सकती है। वहीं कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
चक्रवात ‘मुरुसु’ के प्रभाव से पूर्वी भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ गया है:
-
आंध्र प्रदेश: तटीय जिलों जैसे प्रकाशम, बापटला, नेल्लोर, कृष्णा और गुंटूर में सबसे ज्यादा असर दिखने की आशंका है। यहाँ भारी से अत्यधिक भारी बारिश और 1 से 1.5 मीटर तक ऊंचे समुद्री लहरें (Storm Surge) उठने की चेतावनी दी गई है। निचले इलाकों में जलभराव का खतरा पैदा हो गया है।
-
ओडिशा और तमिलनाडु: ओडिशा के दक्षिणी जिलों में आज और कल भारी बारिश का अनुमान है। मलकानगिरी और रायगढ़ा जैसे जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूलों-कॉलेजों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों पर भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है।
-
तेलंगाना और छत्तीसगढ़: चक्रवात के प्रभाव से तेलंगाना के कई जिलों (खम्मम, सूर्यपेट, नलगोंडा आदि) में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ भारी बारिश की संभावना है।
प्रशासन मुस्तैद
आपदा से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया है। मछुआरों को पूरी तरह से समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर ही रहें, कमजोर संरचनाओं और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।





