CM योगी का बड़ा हमला, बोले- ‘यूपी के लिए अभिशाप है सपा’

CM Yogi Gonda Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने अपने एक दिवसीय गोंडा दौरे के दौरान जिलेवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कुल 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

विकास खंड छपिया की ग्राम पंचायत तेजपुर में आयोजित इस भव्य जनसभा के दौरान उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक भी वितरित किए।

“सपा सरकार में घोटाला”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में गोंडा में सबसे बड़ा खाद्यान्न घोटाला हुआ था। उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के लिए अभिशाप है। जब भी यह पार्टी सत्ता में आई, प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा हुआ।”

कानून व्यवस्था पर कड़ा संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर अपराधियों और माफियाओं को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि राज्य में बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा तीसरी कोई जगह नहीं है।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि अब उत्तर प्रदेश में माफिया विकास कार्यों और आम जनमानस की शांति में बाधा नहीं बन सकते, क्योंकि प्रदेश में पूरी तरह से कानून का राज स्थापित है।

ये भी पढ़े-लखनऊ में शिक्षक अभ्यर्थियों का हंगामा, विधानसभा के सामने सड़क पर लेटे

स्थानीय स्तर पर बढ़ेगा रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य के हर जिले का संतुलित और तेज विकास करना है। गोंडा में इन नई विकास परियोजनाओं के शुरू होने से बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, सड़कों और पुलों का जाल बिछड़ेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों का परिणाम है कि अब गोंडा और आसपास के युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे महानगरों में नहीं भटकना पड़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर ही तरक्की के रास्ते खुल रहे हैं।

ये भी पढ़े-ED की अरेस्टिंग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे आजम खान, अदालत सुनवाई पर सहमत

जनता को योजनाओं का सीधा लाभ

अपने संबोधन में पुरानी व्यवस्थाओं पर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिजली, राशन और महिलाओं की सुरक्षा जैसी बुनियादी चीजों के लिए भी आम जनता को संघर्ष करना पड़ता था। आज किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली, गरीबों को मुफ्त राशन और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक स्वावलंबन मिल रहा है।

गोंडा में नए मेडिकल कॉलेज, आधुनिक अस्पतालों, बेहतर सड़कों और पुलों के निर्माण से क्षेत्र की तस्वीर तेजी से बदल रही है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़े-CM योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी 49वीं पाती, अयोध्या दीपोत्सव का दिया निमंत्रण

Back to top button