
‘Ramayana’ की ग्रैंड स्क्रीनिंग में जुटे बॉलीवुड सितारे, जानिए किसने लूटी महफिल
Ramayana Screening: भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित और भव्य फिल्मों में शामिल नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ (Ramayana) की थिएटर रिलीज से ठीक पहले मुंबई में एक प्रीमियर स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। इस स्टार-स्टडेड इवेंट में बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री की नामचीन हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिला।

जहां एक तरफ फिल्म के लीड एक्टर रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor), उनकी पत्नी आलिया भट्ट (Alia Bhatt) और मां नीतू कपूर (Neetu Kapoor) ने अपने स्टाइल से फैंस का दिल जीता, वहीं अभिनेता रवि दुबे (Ravie Dubey) और सनी देओल (Sunny Deol) के बीच का एक खूबसूरत वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

रवि दुबे ने सनी देओल के छुए पैर
फिल्म ‘रामायण’ की स्क्रीनिंग के दौरान जब दिग्गज अभिनेता सनी देओल (जो फिल्म में भगवान हनुमान का किरदार निभा रहे हैं) पैपराजी के सामने अपने शानदार अंदाज में पोज दे रहे थे, तभी एक्टर रवि दुबे अपनी पत्नी सरगुन मेहता के साथ वहां पहुंचे। सनी देओल को सामने देखते ही रवि दुबे ने बिना एक पल गंवाए आगे बढ़कर उनके पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया।

सनी देओल ने भी मुस्कुराते हुए रवि को गले लगाया और अपना स्नेह दिया। कैमरे में कैद यह भावुक और संस्कारी पल सोशल मीडिया पर आते ही छा गया। इंटरनेट यूज़र्स रवि दुबे की सादगी, सम्मान और भारतीय संस्कारों की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

मैरून कुर्ते में पहुंचे रणबीर कपूर
इवेंट के हीरो और फिल्म में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर मैरून रंग के ट्रेडिशनल कुर्ते और डार्क जींस में बेहद डैशिंग नजर आए। उन्होंने पैपराजी का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और फैंस से मिल रहे अपार प्यार के लिए आभार जताया।

पति रणबीर को सपोर्ट करने पहुंचीं आलिया भट्ट सी-ग्रीन शेड की खूबसूरत साड़ी और स्लीवलेस एम्बेलिश्ड ब्लाउज में बेहद हसीन लग रही थीं। वहीं, रणबीर की मां नीतू कपूर भी अपनी बहू आलिया के साथ हाथों में हाथ डाले पोज देती नजर आईं। दोनों सास-बहू की इस खास बॉन्डिंग ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

रेड कार्पेट पर उमड़े सितारे
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले दो भागों में बनी इस ऐतिहासिक फिल्म की स्क्रीनिंग में इंडस्ट्री के कई अन्य दिग्गज भी शामिल हुए।

फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी अपनी पत्नी और निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी व बच्चों के साथ पहुंचे। इनके अलावा लारा दत्ता, कुणाल कपूर, रकुल प्रीत सिंह, जैकी भगनानी, विवेक ओबेरॉय, काजल अग्रवाल, साचेत-परंपरा और कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने भी रेड कार्पेट की शोभा बढ़ाई।

नितेश तिवारी की यह दो पार्ट वाली सिनेमाई यात्रा अपने विजुअल इफेक्ट्स (VFX) और विशाल पैमाने को लेकर रिलीज से पहले ही खूब सुर्खियां बटोर रही है।





