UP में छठ-दीपावली पर पुलिसकर्मियों को नहीं मिलेगी छुट्टी, रद्द किए गए अवकाश

UP Police Holidays : आगामी त्योहारों दीपोत्सव, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पूजा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य भर में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करते हुए शासन से लेकर पुलिस मुख्यालय, तहसील और थाना स्तर तक के सभी अधिकारियों तथा पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के निर्देश दिए हैं।

अब केवल अति-विशिष्ट और अपरिहार्य परिस्थितियों में ही स्वीकृत उच्चाधिकारियों के माध्यम से अवकाश मिल सकेगा।

“उपद्रव की कोशिश बर्दाश्त नहीं”

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अमले को दो टूक लहजे में हिदायत दी कि त्यौहारों के इस सीजन में शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था शीर्ष प्राथमिकता पर होनी चाहिए।

सीएम योगी ने कहा, “उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की किसी भी साजिश या चेष्टा को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अराजक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।”

सोशल मीडिया पर पैनी नजर

त्यौहारों के दौरान मुख्य बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, भीड़भाड़ वाले चौराहों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं धरातल पर उतरकर फुट पेट्रोलिंग करने और पीआरवी-112 की गाड़ियो को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने के आदेश दिए हैं।

इसके साथ ही, इंटरनेट मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने के लिए विशेष साइबर टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। भ्रामक सूचनाएं, अफवाहें या भड़काऊ बयानबाजी फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर तुरंत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गाइडलाइंस जारी

अग्निसुरक्षा के दृष्टिकोण से मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर केवल खुले व सुरक्षित स्थानों पर ही लगाने की अनुमति दी जाए। एनओसी (NOC) और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी न करने और अग्निशमन विभाग को हाई अलर्ट पर रखने के लिए कहा गया है।

नगर विकास और पंचायती राज विभाग को मलिन बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक स्वच्छता, फॉगिंग और प्रकाश व्यवस्था का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही, पूरे त्यौहारों के दौरान रोस्टरमुक्त 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति और शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने के आदेश जारी हुए हैं। परिवहन विभाग को यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाने और मनमाना किराया वसूलने वाले निजी बस ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़े-दिवाली पर योगी सरकार का तोहफा, पात्र परिवारों को मिलेगा मुफ्त LPG सिलेंडर

Back to top button