‘आप आराम कीजिए, सुप्रिया और हम मिलकर देश…’, पीएम मोदी ने शरद पवार को किया फोन

PM Modi To Sharad Pawar: देश की राजनीति में अपने सौहार्द और राजनीतिक शिष्टाचार के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले पलों के तहत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के प्रमुख और दिग्गज नेता शरद पवार (Sharad Pawar) को फोन करके उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

हाल ही में अस्पताल से डिस्चार्ज होकर लौटे 85 वर्षीय नेता के साथ प्रधानमंत्री की इस टेलीफोनिक बातचीत के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं हैं।

पीएम मोदी ने किया फोन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार को छाती में दर्द और रूटीन मेडिकल जांच के चलते पुणे के रूबी हॉल क्लिीनिक (Ruby Hall Clinic) में भर्ती कराया गया था। दो दिनों तक चिकित्सकीय देखरेख और उपचार के बाद बुधवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई और वे सीधे अपने मुंबई स्थित आवास के लिए रवाना हुए।

शरद पवार के स्वास्थ्य में सुधार की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह-सुबह उन्हें फोन किया। शरद पवार के करीबी सहयोगी विट्ठल मनियार ने मीडिया से बातचीत करते हुए इस बातचीत का पूरा विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने बेहद आत्मीयता और सम्मान के साथ शरद पवार से बात की।

“सुप्रिया अब पूरी तरह तैयार हैं”

विट्ठल मनियार के मुताबिक, बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वरिष्ठ नेता को सलाह दी कि वे राजनीतिक और कामकाजी भागदौड़ से दूर रहकर पूरी तरह से आराम करें।

प्रधानमंत्री ने बड़े स्नेह भरे अंदाज में कहा, “साहेबा, आप कृपया पूरी तरह से आराम कीजिए। सुप्रिया अब तैयार है, सुप्रिया और हम सब मिलकर देश और कामकाज संभाल लेंगे। आपको स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत है।”

प्रधानमंत्री के इस आत्मीय और गर्मजोशी भरे रुख के बाद शरद पवार ने भी उनका आभार व्यक्त किया। पवार ने जवाब देते हुए कहा कि जब आप जैसे तमाम नेता देश के कामकाज में मुस्तैदी से जुटे हैं, तो उन्हें स्वास्थ्य को लेकर किसी प्रकार की कोई चिंता नहीं है और वे डॉक्टर की सलाह के मुताबिक पूरा आराम कर रहे हैं।

Back to top button