
UP में घट गई मतदान केंद्रों की संख्या, चुनाव आयोग का बड़ा फैसला
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देते हुए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने राज्य में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों के पुनर्गठन (Rationalisation of Polling Stations) के प्रस्ताव को आधिकारिक तौर पर मंजूरी दे दी है। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद पूरे प्रदेश में पोलिंग बूथों की संख्या में आंशिक कमी आई है।
पुनर्गठन की इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद राज्य में अब कुल मतदान केंद्रों की संख्या घटकर 1,73,730 रह गई है।
राज्यभर में कुल 3,786 बूथ हुए कम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन और समायोजन की प्रक्रिया पूरी की गई है। इस पुनर्गठन से पहले प्रदेश में कुल 1,77,516 मतदान केंद्र हुआ करते थे। नए दिशा-निर्देशों और बूथों के युक्तिकरण के बाद इनमें 3,786 बूथों की कमी दर्ज की गई है, जिसके चलते अब नए सिरे से कुल 1,73,730 मतदेय स्थल वैध माने जाएंगे।
मतदाताओं को होगी आसानी
मतदान केंद्रों की संख्या और लोकेशन में हुए इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी मतदाता को असुविधा का सामना न करना पड़े। जिन मतदाताओं के मतदान केंद्र या बूथ बदले गए हैं, उन्हें संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से लिखित रूप से इसकी सूचना दी जाएगी।
इसके साथ ही, बीएलओ के पर्यवेक्षकों को इस पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक वोटर को समय पर अपने नए मतदान केंद्र की सही जानकारी मिल जाए।
निर्वाचन आयोग के नए नियमों के तहत यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि एक ही परिवार के सभी वयस्क सदस्यों के नाम मतदाता सूची के एक ही भाग में दर्ज हों। यदि मसौदा मतदाता सूची (Draft Electoral Roll) के प्रकाशन के बाद किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों या सूचियों में बिखरे पाए जाते हैं, तो उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत ‘फॉर्म-8’ भरकर तुरंत संशोधित करवाया जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि 1 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत अब मतदाता सूची का नया मसौदा इन्हीं संशोधित 1,73,730 मतदान केंद्रों पर प्रकाशित किया जाएगा।





