रोनाल्डो ने फुटबॉल से लिया संन्यास, 23 साल के ऐतिहासिक सफर का अंत

Cristiano Ronaldo Retires: फुटबॉल की दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में शामिल क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से आधिकारिक संन्यास का ऐलान कर दिया है। 41 वर्षीय दिग्गज फॉरवर्ड ने पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम के साथ अपने 23 साल लंबे और स्वर्णिम अंतरराष्ट्रीय करियर पर पूर्णविराम लगा दिया है।

रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर इस फैसले की घोषणा की, जिसके बाद दुनिया भर के फुटबॉल फैंस में निराशा की लहर दौड़ गई है।

“अब भविष्य को मशाल सौंपने का वक्त”

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए अपने वीडियो संदेश में रोनाल्डो ने कहा कि पुर्तगाल की राष्ट्रीय जर्सी पहनना उनके जीवन का सबसे बड़ा गौरव रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा,

“23 वर्षों तक मुझे दुनिया भर के स्टेडियमों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने और उसकी जर्सी पहनने का सौभाग्य मिला। आज समय आ गया है कि मैं इस जिम्मेदारी को भविष्य की नई पीढ़ी को सौंप दूं। यह फैसला आसान नहीं था क्योंकि कुछ फैसले दिमाग से नहीं, दिल से लिए जाते हैं। अगस्त 2003 में शुरू हुआ सफर जिसने मेरी जिंदगी बदल दी, आज खत्म हो रहा है।”

 अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल के बेताज बादशाह

18 वर्ष की उम्र में अगस्त 2003 में कजाकिस्तान के खिलाफ पदार्पण करने वाले रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए रिकॉर्ड्स का नया इतिहास लिखा। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान उन्होंने 234 मैचों में 146 गोल दागे, जो पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल इतिहास में सर्वाधिक गोल करने का ऑल-टाइम वर्ल्ड रिकॉर्ड है।

उनकी कप्तानी में पुर्तगाल ने यूरो 2016 (Euro 2016) का खिताब जीता, जो देश के इतिहास की पहली बड़ी अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफी थी। इसके अलावा उन्होंने अपनी टीम को दो बार यूईएफए नेशंस लीग (2018/19 और 2024/25) का विजेता भी बनाया। रोनाल्डो लगातार छह विश्व कप संस्करणों में हिस्सा लेने और उनमें गोल करने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं।

क्लब फुटबॉल में जारी रहेगा जलवा

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने के बावजूद रोनाल्डो अपने क्लब करियर को जारी रखेंगे। वर्तमान में सऊदी प्रो लीग के क्लब अल-नासर (Al-Nassr) की ओर से खेल रहे रोनाल्डो मैदान पर लगातार अपनी गोल स्कोरिंग फॉर्म का प्रदर्शन कर रहे हैं। राष्ट्रीय टीम से विदाई के बाद अब वे अपना पूरा ध्यान केवल क्लब फुटबॉल पर केंद्रित करेंगे

ये भी पढ़े-King’ कोहली का आज 38वां जन्मदिन, जानें शतकों और अवॉर्ड्स का अनूठा सफर

Back to top button