
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने गोरखनाथ मंदिर में टेका माथा, CM योगी ने किया स्वागत
Nitin Nabin In Gorakhpur: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद पहली बार पूर्वांचल दौरे पर गोरखपुर पहुंचे नितिन नवीन ने गुरुवार सुबह विश्व प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए।
नाथपंथ के इस महान केंद्र पर आगमन पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा अध्यक्ष का गर्मजोशी और भावपूर्ण तरीके से स्वागत किया।
वैदिक मंत्रोचार के बीच किया दर्शन-पूजन
गोरखनाथ मंदिर परिसर पहुंचने पर नितिन नवीन सबसे पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ के मुख्य मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे। वहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और महायोगी गुरु गोरखनाथ के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया।
दर्शन-पूजन के दौरान गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे। इसके पश्चात नितिन नवीन ने नाथपंथ के पूर्व आचार्यों की समाधि स्थलों पर जाकर नमन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
सीएम योगी ने कराया मंदिर भ्रमण
पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को ऐतिहासिक गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण कराया। इस दौरान सीएम योगी ने उन्हें नाथपंथ की प्राचीन परंपराओं, सामाजिक समरसता के कार्यों और मंदिर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से विस्तार से अवगत कराया।
गोरक्षपीठाधीश्वर ने नितिन नवीन का अभिनंदन करते हुए उन्हें पारंपरिक अंगवस्त्र, मंदिर का पवित्र प्रसाद और महायोगी गुरु गोरखनाथ की एक भव्य प्रतिमा भेंट की।
ये भी पढ़े-UP में घट गई मतदान केंद्रों की संख्या, चुनाव आयोग का बड़ा फैसला
गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के इस विशेष अवसर पर भाजपा संगठन और सरकार के कई बड़े दिग्गज मौजूद रहे। इनमें केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ल, सांसद विजय दुबे, गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह और स्थानीय विधायक विपिन सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
दर्शन-पूजन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पार्टी द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और कार्यकर्ता सम्मेलनों में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गए।
ये भी पढ़े-‘पंचर साइकिल एक्सप्रेसवे पर नहीं दौड़ सकती…’, गोरखपुर में गरजे BJP अध्यक्ष नितिन नवीन





