
Ayodhya: दीपोत्सव में स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच, कई स्थानों पर एंबुलेंस तैनात
Ayodhya Deepotsav 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और कुशल मार्गदर्शन में भव्य दीपोत्सव 2026 के अवसर पर अयोध्या धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं और देशी-विदेशी पर्यटकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक और अभेद्य चिकित्सा व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
विशाल जनसैलाब को ध्यान में रखते हुए प्रमुख आयोजन स्थलों पर एंबुलेंस और मोबाइल मेडिकल टीमों की तैनाती के साथ-साथ सरकारी और निजी अस्पतालों में इमरजेंसी बेड आरक्षित किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में भक्तों को तत्काल इलाज मिल सके।
प्रमुख स्थलों पर तैनात रहेंगी एंबुलेंस
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी कार्ययोजना के तहत मेला क्षेत्र और अयोध्या धाम के 12 अति-संवेदनशील एवं प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं और आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे एंबुलेंस सेवाएं तैनात की गई हैं। इनमें लक्ष्मण किला, भजन संध्या स्थल, चौधरी चरण सिंह घाट, श्री नागेश्वरनाथ मंदिर, वीणा चौराहा (लता मंगेशकर चौक), कारसेवकपुरम, हनुमानगढ़ी, हनुमान गुफा, साकेत पेट्रोल पंप, श्रीराम जन्मभूमि (परिकोटा), कनक भवन मंदिर परिसर और मेला स्वास्थ्य कंट्रोल रूम शामिल हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।
इन सभी स्थानों पर एंबुलेंस की मौजूदगी से किसी भी श्रद्धालु के अस्वस्थ होने पर उसे तत्काल प्राथमिक चिकित्सा देते हुए निकटतम अस्पताल पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
निजी अस्पतालों में बेड आरक्षित
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ जिले के 12 प्रतिष्ठित निजी अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के आदेशानुसार, प्रत्येक निजी अस्पताल में 5-5 बेड विशेष रूप से दीपोत्सव के श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
आरक्षित बेड वाले 12 निजी अस्पताल: अग्रिम हॉस्पिटल, हर्षण हृदय संस्थान, झुनझुनवाला हॉस्पिटल, देवा मेमोरियल मेडिकल सर्जिकल मैटरनिटी नर्सिंग होम, निर्मला हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर, दिव्य हॉस्पिटल, सोना हॉस्पिटल, जगत हॉस्पिटल, मेडिसिटी सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, चिरंजीव हॉस्पिटल, गोमती हॉस्पिटल तथा संजाफी हॉस्पिटल एंड ट्रमा सेंटर।
मेला क्षेत्र और विशेष रूप से राम की पैड़ी जैसे मुख्य आयोजन स्थलों पर मोबाइल मेडिकल टीमों की शिफ्टवार तैनाती की गई है। ये टीमें दिन और रात अलग-अलग समय पर गश्त करेंगी और मौके पर ही श्रद्धालुओं को दवाइयां व फर्स्ट एड उपलब्ध कराएंगी। गंभीर स्थिति होने पर मरीज को तुरंत बड़े अस्पताल में रेफर करने के लिए समन्वय स्थापित किया गया है।
आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर
स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आपात स्थिति या चिकित्सा सहायता के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। श्रद्धालु मेला स्वास्थ्य कंट्रोल रूम के नंबर 8881004894 और मेला अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. राममणि शुक्ला के मोबाइल नंबर 9451085935 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि दीपोत्सव में शामिल होने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।





