बेंगलुरु में कैब ड्राइवर की हैवानियत, सिलबट्टे से कुचलकर सात लोगो को उतारा मौत के घाट

Bengaluru Mass Murder: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सामूहिक हत्याकांड (Mass Murder) सामने आया है। श्रीरामपुर इलाके में रहने वाले एक 45 वर्षीय कैब ड्राइवर ने वैवाहिक कलह के चलते अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी।

दिल दहला देने वाली इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कुछ शवों को जंगलों और सुनसान जगहों पर फेंक कर ठिकाने लगाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर एक सात वर्षीय मासूम बच्चे का शव बरामद कर लिया है, जबकि अन्य शवों की तलाश जारी है।

पत्थर से सिर पर वार कर की हत्याएं

पुलिस जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपी कैब ड्राइवर की पहचान शेखर उर्फ इंदुशेखर के रूप में हुई है। आरोपी की अपनी पत्नी सुनीता के साथ शादी को करीब 20 साल हो चुके थे, लेकिन पिछले काफी समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। आरोपी का मानना था कि उसकी पत्नी के मायके वाले लगातार उनके शादीशुदा जीवन में दखलअंदाजी करते हैं और हर विवाद में पत्नी का पक्ष लेते हैं। इसी नाराजगी और रंजिश में आकर उसने पूरे परिवार को खत्म करने की भयानक साजिश रची।

आरोपी ने अपने किराए के मकान में 15 से 20 दिनों के भीतर एक-एक करके परिवार के सदस्यों को अलग-अलग बहानों से बुलाया। घर पहुंचते ही वह भारी ओखली या सिलबट्टे के पत्थर से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर देता था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो जाती थी।

पत्नी समेत सात लोग बने शिकार

इस नरसंहार में जान गंवाने वालों में आरोपी की पत्नी सुनीता, उसकी सास रूपावती, दो साले शिवकुमार और शंकर, साले की पत्नियां दिव्या व नलिनी, और साले का सात साल का बेटा पुनीत शामिल हैं।

आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी की हत्या की और आसपास के लोगों व रिश्तेदारों को बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कहीं बाहर घूमने गई है। इसके बाद उसने पार्टी देने के बहाने अपने सालों को घर बुलाया और उनकी हत्या कर दी। इसी तरह एक के बाद एक उसने पूरे परिवार को ठिकाने लगा दिया। हर वारदात के बाद वह घर की पूरी तरह से सफाई करता था ताकि खून के धब्बे न दिखें और किसी को भनक तक न लगे।

गुमशुदगी की शिकायत से खुला राज

इस भयानक हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब आरोपी के साले की पत्नी नलिनी अचानक लापता हो गई। परिजनों द्वारा नलिनी का कोई अता-पता न मिलने पर श्रीरामपुर पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने जब शेखर से पूछताछ की, तो वह बार-बार अपने बयान बदलने लगा।

संदेह गहराने पर जब पुलिस ने उसके किराए के मकान की तलाशी ली, तो सफाई किए जाने के बावजूद वहां से खून के अंश और कुछ अहम सुराग मिले। इसके बाद जब पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सिलबट्टे से हमला कर सात लोगों की हत्या करने और शवों को अलग-अलग जगहों पर फेंकने का अपराध स्वीकार कर लिया।

नंदी हिल्स के पास मिला मासूम का शव

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस की टीम चिक्कबल्लापुर जिले में स्थित प्रसिद्ध नंदी हिल्स पहुंची, जहां झाड़ियों से सात वर्षीय मासूम बच्चे पुनीत का शव बरामद किया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमें नंदी हिल्स और चारमाडी के जंगलों में बाकी छह शवों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। पुलिस अधिकारी मामले की गहन जांच में जुटे हैं ताकि हत्या के सभी साक्ष्यों को मजबूत कर अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।

Back to top button