
Lucknow: क्लासरूम में कदम रखते ही अचानक गिरा छात्र, 8वीं के मासूम की मौत
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम स्थित लखनऊ पब्लिक कॉलेज (एलपीसी) में आठवीं का छात्र अथर्व बुधवार को अचानक गश खाकर कक्षा में गिर गया। शिक्षिका ने फौरन स्टाफ की मदद से स्टाफ रूम में पहुंचाया। बेसुध बच्चे को देख शिक्षक खबरा गए। सूचना पर स्कूल पहुंचे पिता के साथ शिक्षक बच्चे को पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पिता प्रेम सिंह इकलौते बेटे के न रहने की बात सुनते ही जोर-जोर से बिलखने लगे। शिक्षकों ने उन्हें संभाला और ढांढस बंधाया। डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है।
क्लास में जाते ही बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह की प्रार्थना सभा (Assembly) के बाद सभी बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं की ओर जा रहे थे। 8वीं कक्षा का छात्र भी असेंबली खत्म होने के बाद जैसे ही अपने क्लासरूम के दरवाजे पर पहुंचा, अचानक चक्कर खाकर नीचे गिर गया और अचेत हो गया।
अचानक घटी इस घटना से सहपाठियों और शिक्षकों में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत छात्र के परिजनों को सूचना दी और उसे पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़े-वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक डॉ. इंद्रदेव महाराज पर महिला से दुष्कर्म का आरोप
हार्ट अटैक की आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चिकित्सकों का मानना है कि पहली नजर में यह मामला कार्डियक अरेस्ट या साइलेंट अटैक का प्रतीत होता है, लेकिन सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से पूरे इलाके और स्कूल परिसर में शोक का माहौल व्याप्त है।
ये भी पढ़े-UP News: खौफनाक! अफेयर के शक में पति ने पत्नी को कुर्सी से बांधकर जिंदा जलाया





