किश्तवाड़ में लापता हुए दो SPO की निर्मम हत्या, आतंकियों ने गोलियों से छलनी की बॉडी

Jammu and Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से एक दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। जिले के दुर्गम दच्चन इलाके से लापता हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के शव बरामद कर लिए गए हैं।

दोनों पुलिसकर्मियों के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उनकी बेरहमी से हत्या की गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों और सेना ने बड़े पैमाने पर घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

चौकी की तरफ जाते समय हुए लापता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किश्तवाड़ जिले के दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) में तैनात 57 वर्षीय बाबी चंद (Babi Chand) और 45 वर्षीय रशपाल कुमार (Rashpal Kumar) बुधवार को अपने कैंप से धारणा-मड़वा स्थित सेना की चौकी की ओर जा रहे थे, तभी वे अचानक लापता हो गए थे। दोनों के रास्ते से गायब होने की सूचना मिलते ही सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया था।

लापता पुलिसकर्मियों की तलाश के लिए जंगली इलाकों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर ड्रोन और खोजी कुत्तों (Sniffer Dogs) की मदद से बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू किया गया था। शुरुआती घंटों में उनके मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन कुछ समय बाद उनके फोन ‘स्विच ऑफ’ हो गए, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और अधिक बढ़ गई थी।

गोलियों से छलनी मिले शव

गुरुवार सुबह खोजबीन के दौरान सुरक्षाबलों ने दोनों लापता SPO के शव बरामद किए। अधिकारियों ने बताया कि दोनों के शवों पर गोलियों के गहरे निशान थे। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल से उनके सरकारी सर्विस हथियार गायब मिले हैं। हथियारों के गायब होने और जिस तरह से इस वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे आतंकवादियों की संलिप्तता होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और सीआरपीएफ (CRPF) के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। आसपास के पूरे जंगली और पहाड़ी इलाके की कड़ी घेराबंदी कर दी गई है ताकि हमलावरों को जल्द से जल्द दबोचा जा सके। इस वीभत्स घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भी भारी रोष और दहशत का माहौल है।

Back to top button