UP News: यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती बस में लगी आग, 40 यात्रियों की अटकी सांसें

Yamuna Expressway Bus Fire: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से गुजरने वाले यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) पर शनिवार देर रात एक खौफनाक हादसा हो गया। थाना राया क्षेत्र स्थित राया कट पुल के ऊपर एक चलती यात्री बस अचानक आग का गोला बन गई। बस से ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख उसमें सवार करीब 40 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

हालांकि, चालक की सूझबूझ और यात्रियों की तत्परता के चलते सभी 40 लोगों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, लेकिन इस भीषण अग्निकांड में पूरी बस और यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया।

शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खजुराहो ट्रेवल्स की यह बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से करीब 40 यात्रियों को लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी। बस को मध्य प्रदेश के नौगांव (छतरपुर) निवासी चालक जितेंद्र चला रहा था। शनिवार देर रात जब बस मथुरा के राया थाना क्षेत्र अंतर्गत राया कट पुल के ऊपर पहुंची, तभी अचानक बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) हो गया। देखते ही देखते चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।

ये भी पढ़े-रिंकू सिंह के परिवार ने CM योगी से की मुलाकात, प्रिया सरोज संग शादी का दिया न्योता

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

आग की लपटें उठती देख बस में सवार यात्रियों में भारी दहशत फैल गई। किसी तरह सभी यात्री जान बचाकर सुरक्षित नीचे उतर आए, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि यात्री अपना सामान बाहर नहीं निकाल सके और सारा सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 1 बजकर 38 मिनट पर पीआरवी (PRV 5840) को एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही राया थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और दमकल विभाग (Fire Brigade) को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

महावन के क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव कुमार राय ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

ये भी पढ़े-Children’s Day पर CM Yogi समेत कई राजनेताओं ने दी शुभकामनाएं

Back to top button