
CM योगी ने UP में जनगणना 2027 के दूसरे चरण का किया शुभारंभ
UP Census 2027: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने डिजिटल जनगणना की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य में जनगणना-2027 (Census 2027) के दूसरे चरण और स्व-गणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया का आधिकारिक तौर पर शुभारंभ कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन में इस डिजिटल अभियान की शुरुआत की। इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत प्रदेश के आम नागरिक अब घर बैठे ही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से जुड़ी जानकारियां खुद दर्ज कर सकेंगे।
30 नवंबर तक चलेगी प्रक्रिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में डिजिटल जनगणना के दूसरे चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस समयावधि के दौरान राज्य का कोई भी नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार, आवास और अन्य आवश्यक विवरण खुद ऑनलाइन भर सकता है।
इस प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया गया है। पोर्टल पर सबसे पहले अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करना होगा और उसके बाद मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी (OTP) के जरिए सत्यापन करके लॉगिन करना होगा। जो लोग ऑनलाइन स्व-गणना का विकल्प नहीं चुनेंगे, उनके लिए पारंपरिक रूप से प्रगणक (Enumerators) घर-घर जाकर डेटा एकत्र करने का कार्य करेंगे।
देश की पहली डिजिटल जनगणना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से प्रशासनिक योजनाओं के क्रियान्वयन और नीति निर्माण में अत्यधिक सटीकता आएगी। सरकार की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत नागरिकों द्वारा प्रदान की जाने वाली व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रखी जाएंगी। डेटा की सुरक्षा के लिए पुख्ता तकनीकी उपाय किए गए हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित कई प्रमुख विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपनी सही जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में अपना सहयोग दें।
‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन
इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ में सोमवार को ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया और प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन किया। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेश वासी मेरा परिवार हैं। इस परिवार के सुख-दुख, आशाओं, उपलब्धियों और संकल्पों से जुड़े रहने का एक आत्मीय माध्यम है ‘योगी की पाती’।”
जनता से आत्मीय संवाद के 50+ सप्ताह, विश्वास और जनभागीदारी की अनूठी यात्रा!
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी ने आज 5 कालिदास मार्ग, लखनऊ में उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेशवासियों के साथ आत्मीय संवाद के 50+ सप्ताह पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रकाशित ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने संवाद यात्रा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन कर अपने विचार भी साझा किए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘योगी की पाती’ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के साथ आत्मीय संवाद का माध्यम है। इसके जरिए युवा, विद्यार्थी, नारी शक्ति, अन्नदाता किसान और श्रमिक सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के सरोकारों को स्पर्श करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। ‘योगी की पाती’ जनसंवाद, जनविश्वास और जनभागीदारी के माध्यम से सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता तथा विरासत और विकास की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के संकल्प को अभिव्यक्त करने का एक अनूठा प्रयास है।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) November 16, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा, “पिछले 50 से अधिक सप्ताह से हर पाती के माध्यम से मैं अपने प्रदेश वासियों के साथ अपने विचार और भावनाएं साझा करता आ रहा हूं। यह मेरे लिए केवल पत्र लिखना नहीं, बल्कि अपने परिवार से संवाद करने का अवसर है।”





