
पिता की अस्थियां लेकर जा रहे मां-बेटे की मौत, बाराबंकी में डंपर ने रौंदा
Barabanki Road Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी (Barabanki) जिले में एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। आठ दिन पहले पिता की मृत्यु के गम से अभी परिजन उबर भी नहीं पाए थे कि उनकी अस्थियां विसर्जित करने अयोध्या जा रहे मां और बेटे की भी एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ चौराहे के पास मिट्टी लदे एक तेज रफ्तार डंपर (Dumper Truck) ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मां की भी मौत हो गई।
काल बनकर आया मिट्टी लदा डंपर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैदपुर थाना क्षेत्र के पारादीपू गांव निवासी सर्वेश वर्मा (40) के पिता का करीब आठ दिन पहले निधन हो गया था। परिवार में चल रहे शोक के बीच सोमवार सुबह सर्वेश अपनी 65 वर्षीय मां शर्मावती को मोटरसाइकिल पर बैठाकर पिता की अस्थियों का विसर्जन करने के लिए अयोध्या जा रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ चौराहे के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे मिट्टी लदे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को सीधे टक्कर मार दी। भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मां और बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
तीन मौतों से गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार में महज आठ दिनों के भीतर हुई तीन मौतों की खबर मिलते ही पारादीपू गांव में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। घटना की सूचना पाकर कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
उधर, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतकों के आक्रोशित परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने बिना उनकी सहमति के ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाद में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को शांत कराया और आरोपी डंपर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।





