
IPL 2027: MS धोनी खेलेंगे अगला IPL या लेंगे संन्यास? CSK की रिटेंशन लिस्ट का इंतजार
IPL 2027 Retention: इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन (IPL 2027) के लिए मंगलवार का दिन बेहद अहम है। लीग की सभी 10 फ्रेंचाइजियों को मंगलवार शाम तक आईपीएल 2027 के लिए अपने रिटेन खिलाड़ियों की सूची जारी करनी है। यह दिन CSK और टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के लिए बेहद अहम है।
आईपीएल 2027 के लिए सभी 10 फ्रेंचाइजी किन खिलाड़ियों को रिटेन करेंगी और किन खिलाड़ियों को रिलीज करेंगी। इस पर क्रिकेट विश्लेषकों और फैंस की नजर बनी है। सबसे ज्यादा दिलचस्पी सीएसके की रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों की सूची पर है। इसकी वजह एमएस धोनी हैं।
अंतिम फैसले का इंतजार
पिछले कुछ समय से लगातार यह सवाल उठ रहा है कि क्या 45 वर्षीय एमएस धोनी आईपीएल का आगामी सीजन खेलेंगे या अपने शानदार करियर को विराम देंगे। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स प्रबंधन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि धोनी ने अभी तक अपने संन्यास या खेलने को लेकर कोई अंतिम फैसला फ्रेंचाइजी को नहीं बताया है। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि धोनी अपने फैसले खुद लेते हैं और उनका निर्णय सर्वमान्य होगा।
मौजूदा नियमों के तहत यदि धोनी खेलने का मन बनाते हैं, तो सीएसके उन्हें बेहद कम कीमत पर एक अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में भी अपने साथ बनाए रख सकती है। लेकिन अगर वह बतौर खिलाड़ी मैदान पर नहीं उतरते हैं, तो भी फ्रेंचाइजी उन्हें कोच या मेंटॉर के रूप में अपने खेमे में रखना चाहती है।
संभावित खिलाड़ियों पर भी नजर
एमएस धोनी के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स की रिटेंशन रणनीति में कप्तान रुतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस और नूर अहमद जैसे प्रमुख खिलाड़ियों के नाम शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
फ्रेंचाइजी ने हाल ही में ट्रेड विंडो के जरिए अपनी टीम को और मजबूत किया है, लेकिन ऑक्शन से पहले किन खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाता है और किसे रिटेन किया जाता है, इसे लेकर कुछ ही घंटों में स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।





