राजा भैया से ‘हजूर’ कहकर मांगी इजाजत, कुंडा में रामकथा से पहले भानवी सिंह का पोस्ट

Raja Bhaiya Wife Bhanvi Kumari: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में इन दिनों बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Baba Bageshwar) की श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। जनसत्ता लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ ‘राजा भैया’ (Raja Bhaiya) द्वारा बेंती राजभवन परिसर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर चारों तरफ चर्चाएं हो रही हैं।

इस बीच, राजा भैया से अलग रह रहीं उनकी पत्नी भानवी कुमारी (Bhanvi Kumari) का एक बयान सामने आया है। भानवी कुमारी ने इस पावन रामकथा में शामिल होने की इच्छा जताई है। और कहा कि उन्हें पूरी आशा है कि ‘हुजूर’ उन्हें इस आयोजन के लिए निमंत्रण देंगे।

सौहार्द की लगाई गुहार

मिली जानकारी के अनुसार, भानवी कुमारी पिछले कुछ समय से दिल्ली में अपनी बेटियों के साथ रह रही हैं, जबकि उनके दोनों बेटे कुंडा में राजा भैया के साथ रहते हैं। दोनों के बीच पारिवारिक न्यायालय में कानूनी विवाद और तलाक का मामला भी चल रहा है। इन तमाम दूरियों के बीच जब कुंडा में बाबा बागेश्वर की रामकथा का आयोजन हो रहा है, तो भानवी कुमारी ने सोशल मीडिया और बयानों के जरिए अपनी भावनाएं साझा की हैं।

उन्होंने बाबा बागेश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा है कि जिन प्रतिकूल परिस्थितियों और नकारात्मक शक्तियों ने उनके परिवार की सुख-शांति और पारिवारिक सौहार्द को प्रभावित किया है, उनसे जल्द मुक्ति मिले। भानवी ने ईश्वर से यह भी कामना की है कि उनके परिवार में पुनः प्रेम, विश्वास, एकजुटता, सद्भाव और खुशहाली का पुराना वातावरण स्थापित हो सके।

ये भी पढ़े-आजम खान को Supreme Court से मिली राहत, पत्नी और बेटे की सजा पर भी रोक

बाबा बागेश्वर से की विशेष प्रार्थना

भानवी कुमारी ने अपने संदेश में कहा कि उनकी तीव्र इच्छा है कि वे इस अलौकिक रामकथा में सम्मिलित होकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन करें और कथा का श्रवण करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से उनके परिवार के बिखरे रिश्ते सुधर सकते हैं और उनकी यह अभिलाषा पूर्ण होने का मार्ग प्रशस्त होगा।

उधर, कुंडा में आयोजित इस कथा को सुनने के लिए उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर भव्य कलश यात्रा तक, इस आयोजन को लेकर कुंडा का राजनीतिक और सामाजिक पारा काफी गर्माया हुआ है, और अब भानवी कुमारी के इस बयान ने इस पूरे घटनाक्रम में एक नया मोड़ ला दिया है।

ये भी पढ़े-Greater Noida में महिला SI की संदिग्ध मौत, सरकारी आवास के बाथरूम में मिला शव

Back to top button