
NDA सरकार ने Shringaverpur Dham को नई पहचान देने का कार्य किया:Sanjay Nishad
नवनियुक्त कार्यकारिणी को डॉ. संजय निषाद ने दिलाई शपथ
Lucknow Shringaverpur Dham: निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के तत्वावधान में जनपद प्रयागराज के जिला पंचायत सभागार में निषाद पार्टी की नवनियुक्त मंडलीय एवं जनपदीय कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष, निषाद पार्टी एवं कैबिनेट मंत्री (मत्स्य विभाग), उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. संजय कुमार निषाद ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। 11 वर्ष पूर्व जब हमने निषाद पार्टी का गठन किया था, तब लोग हँसते थे कि अब निषादों की भी कोई पार्टी बनेगी। लेकिन हमने उन लोगों को जवाब कभी लड़ाई-झगड़ा करके नहीं दिया, बल्कि वर्ष 2017 में 01 विधायक और वर्ष 2022 में 11 विधायक बनाकर दिया।
डॉ. निषाद ने कहा कि जब हम प्रयागराज आते थे और अपने पूर्वजों की जमीन, इतिहास एवं महाराज गुह्यराज निषाद जी के पदचिह्नों पर चलकर निषाद समाज को न्याय और पहचान दिलाने की बात करते थे, तब लोग कहते थे कि जंगल में जाकर निषाद समाज को क्या मिलेगा? लेकिन आज केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने श्रृंगवेरपुर धाम को एक नई पहचान देने का कार्य किया है। आज श्रृंगवेरपुर धाम केवल जंगल नहीं, बल्कि आस्था, इतिहास और गौरव का केंद्र बन चुका है। यहां मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम एवं महाराज गुह्यराज निषाद जी की गले मिलते हुए भव्य प्रतिमा, पार्क एवं म्यूजियम का निर्माण कराया गया है।
वहीं, अयोध्या में भव्य राम मंदिर के साथ अतिथि गृह का नाम भी महाराज गुह्यराज निषाद जी के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह पहचान और सम्मान निषाद समाज तथा निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण की बदौलत प्राप्त हुआ है। हम किसी के कहने से रुकने वाले नहीं हैं। हम और आगे बढ़ेंगे तथा अपने समाज की खोई हुई पहचान, गौरव और सम्मान को पुनः स्थापित करने का कार्य करेंगे।
निषाद ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि जनपद प्रयागराज में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी ने 02 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन इस बार पार्टी करछना, हंडिया और बारा विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। निषाद पार्टी जनपद प्रयागराज की 03 सीटों के साथ-साथ पूरे मंडल की 05 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब आप सभी को कमर कसकर चुनाव की तैयारियों में जुटना होगा। सभी जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। हमें पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर, संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हुए आगे बढ़ना होगा। संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।





