‘Eetha’ का पहला गाना ‘जी जी रे जी’ रिलीज, श्रद्धा कपूर की दमदार परफॉर्मेंस ने मचाया तहलका

Shraddha Kapoor Eetha Song: बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित बायोपिक फिल्म ‘ईठा’ (Eetha) को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। मेकर्स ने इसका पहला गाना ‘जी जी रे जी’ (Ji Ji Re Ji) रिलीज कर दिया है।

इस गाने में श्रद्धा कपूर के पारंपरिक लावणी अंदाज और उनके दमदार स्टेज परफॉर्मेंस ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। फिल्म के इस पहले ट्रैक में दर्शकों को पारंपरिक महाराष्ट्रीयन लोककला की बेहद खूबसूरत और ऊर्जावान झलक देखने को मिल रही है।

श्रेया घोषाल की जादुई आवाज

मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले बने इस गाने को श्रेया घोषाल (Shreya Ghoshal) ने अपनी जादुई आवाज से सजाया है। गाने के बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं, जबकि इसका शानदार संगीत राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल (Ajay-Atul) ने तैयार किया है।

गाने में श्रद्धा कपूर की ऊर्जा देखते ही बनती है, जो प्रसव (डिलीवरी) के तुरंत बाद मंच पर लौटकर अपनी जान की परवाह किए बिना दर्द के बावजूद पूरी शिद्दत के साथ नृत्य करती नजर आती हैं।

वैभवी मर्चेंट द्वारा कोरियोग्राफ किए गए इस गाने में पारंपरिक नौवारी साड़ी, आभूषण और पैरों की घुंघरुओं की झंकार ने लावणी की असली आत्मा को जीवंत कर दिया है। फिल्म में श्रद्धा कपूर महान लोक कलाकार विठाबाई के किरदार में नजर आ रही हैं, जिनके जीवन के संघर्ष, कला और समर्पण को इस फिल्म के माध्यम से बड़े पर्दे पर उतारा जा रहा है।

इस दिन होगी रिलीज

निर्देशक लक्ष्मण उतेकर (Laxman Utekar) के निर्देशन में बनी फिल्म ‘ईठा’ एक महान लोक कलाकार के जीवन के संघर्ष और उनकी कला के प्रति अटूट प्रेम की कहानी कहती है। फिल्म के संगीत और गानों को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। यह फिल्म आगामी 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है, और फैंस इस शानदार बायोपिक को देखने के लिए बेहद उत्सुक हैं।

ये भी पढ़े-रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ और ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा’ इंडियन पैनोरमा में चयनित

Back to top button