
हथियार सप्लायर वाहिद अंसारी एनकाउंटर में ढेर, कई सुपारी किलिंग में था शामिल
UP News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर (Ambedkar Nagar) जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ (Police Encounter) में हथियारों का तस्कर वाहिद अंसारी (Wahid Ansari) मारा गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारा गया बदमाश कुख्यात बिल्लू इंदोरिया गैंग (Billu Indoriya Gang) का दस्य था और उस पर कई गंभीर मामले दर्ज थे।
इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिस इंस्पेक्टर और एक स्वाट कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चेकिंग के दौरान भागने लगे बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबेडकरनगर पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह (SP Prachi Singh) के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसओजी और स्थानीय पुलिस संदिग्धों की धरपकड़ कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को कुख्यात वाहिद अंसारी और उसके एक अन्य साथी के बारे में पुख्ता सूचना मिली। पुलिस टीम ने जब बदमाशों को घेरने की कोशिश की, तो उन्होंने सरेंडर करने के बजाय पुलिस दल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जब जवाबी कार्रवाई की, तो क्रॉस फायरिंग के दौरान वाहिद अंसारी को गंभीर गोलियां लग गईं, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। इस अचानक हुई फायरिंग में इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह और स्वाट कांस्टेबल सोनू यादव घायल हो गए।
फरार साथी की तलाश जारी
मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में वाहिद अंसारी और दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत नजदीकी अकबरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से वाहिद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कुख्यात अपराधी वाहिद अंसारी ने दम तोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहिद अंसारी गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र समेत कई अन्य जिलों में भी संगीन वारदातों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। फरार हुए दूसरे बदमाश की तलाश के लिए पूरे इलाके में सघन कांबिंग ऑपरेशन और नाकेबंदी कर दी गई है।





