
Anuradha Thakur FICCI AGM में बोलीं, Salary बढ़ाने से Economic Growth मजबूत होगी
FICCI AGM, Annual Conference 2026 Delhi: आर्थिक मामलों की Secretary Anuradha Thakur ने भारतीय उद्योग जगत से कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे उपभोक्ता मांग को बल मिलेगा और देश की आर्थिक वृद्धि को लंबे समय तक मजबूती मिलेगी। FICCI Annual General Meeting and Annual Conference 2026 को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि अप्रैल से निजी क्षेत्र के निवेश में सुधार के संकेत दिखाई दे रहे हैं और अब यह सुधार कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित न रहकर व्यापक रूप लेता दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि निवेश चक्र को और मजबूत बनाए रखने के लिए मांग में निरंतर वृद्धि आवश्यक है और इसमें वेतन वृद्धि की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उद्योग प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “एक बड़ा मुद्दा वेतन वृद्धि में ठहराव का है। उद्योग जगत को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। बेहतर वेतन न केवल कर्मचारियों की आय बढ़ाएगा बल्कि उपभोग और मांग को भी प्रोत्साहित करेगा, जिससे समग्र आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
अनुराधा ठाकुर ने कहा कि शुरुआत में निजी निवेश में सुधार कुछ सीमित क्षेत्रों में दिखाई दे रहा था, लेकिन बाद के मासिक आंकड़े बताते हैं कि निवेश गतिविधियां अब अधिक व्यापक और संतुलित रूप से बढ़ रही हैं। इसे अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत माना जा सकता है।
उन्होंने निजी क्षेत्र से बुनियादी ढांचे और विनिर्माण क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि उद्योगों को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के माध्यम से सरकार के साथ मिलकर काम करने पर विचार करना चाहिए, जिससे बड़े विकासात्मक लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी।
ठाकुर ने कहा कि उद्योग जगत को अर्थव्यवस्था की पूरी तस्वीर को देखना चाहिए। इसमें सरकार के साथ साझेदारी, शहरी और ग्रामीण मांग को प्रोत्साहित करना तथा कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य और आय की परिस्थितियां सुनिश्चित करना शामिल है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में आर्थिक माहौल पहले की तुलना में अधिक अनुकूल हुआ है। भू-राजनीतिक तनावों में कमी, विदेशी पूंजी प्रवाह की वापसी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने भारत की स्थिति को मजबूत किया है और तेज आर्थिक वृद्धि के नए अवसर पैदा किए हैं।
आर्थिक मामलों की सचिव ने कहा भारत इस समय अच्छी स्थिति में है। घरेलू और वैश्विक दोनों स्तरों पर परिस्थितियां अधिक अनुकूल होती जा रही हैं, जिससे देश के विकास की रफ्तार को और बढ़ाया जा सकता है।”





