
CM Yogi में शेर जैसा शौर्य, BJP की UP में फिर होगी सरकार:Gaurav Bhatia
आजम खान को बेल मिली है, दोषमुक्त नहीं हुए हैं:भाटिया
Gaurav Bhatia Lucknow: भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने समाजवादी पार्टी (सपा) नेता आजम खान के जेल से रिहा होने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सिर्फ बेल मिली है, दोषमुक्त नहीं हुए हैं। भाटिया ने कहा कि जो पड़ोस से बकरियां और मुर्गियां चुराता हो, भला वह शेर कैसे हो सकता है? यूपी में शेर जैसा शौर्य किसी में है तो वह सिर्फ योगी आदित्यनाथ में है।
भाटिया का यह बयान उस वक्त आया है, जब आजम खान की जेल से रिहाई के दौरान उनके कुछ समर्थकों ने ‘शेर आया’ जैसे नारे लगाए। गौरव भाटिया ने शुक्रवार को मीडिया से कहा कि उत्तर प्रदेश में, जहां पूरे प्रदेश की जनता कह रही है, ‘जय श्री राम’, ‘राधे-राधे’, वहां पर ‘समाजवादी पार्टी’ के नेता आजम खान जेल से रिहा हुए हैं। जब वे जेल से रिहा हुए हैं, तो उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उनकी सुध लेते हैं। अखिलेश यादव इसलिए आजम खान की सुध लेते हैं, क्योंकि उन्हें तुष्टिकरण की राजनीति करनी है। केवल और केवल सांप्रदायिक राजनीति करना ही उनका मकसद है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जेल से निकलते ही आजम खान शायद भूल गए कि उन्हें केवल बेल मिली है, अभी उनका ट्रायल चल रहा है। वे दोषमुक्त नहीं हुए हैं। यह याद रखना चाहिए।
उन्होंने यूपी सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि यहां यह भी कहना जरूरी है कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास की धारा उत्तर प्रदेश में बह रही है, कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है। जबकि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार में महिलाएं असुरक्षित थीं, जनता का रुपया कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल बनाने के लिए इस्तेमाल होता था या हज हाउस बनते थे, क्योंकि तुष्टिकरण की राजनीति करनी थी।
भाटिया ने कहा कि जेल से बेल मिलने के बाद आजम खान खुद अपने कुछ समर्थकों से नारे लगवा रहे थे, ‘देखो, देखो कौन आया, शेर आया, शेर आया।’ भला ऐसा कौन-सा शेर है, जो पड़ोस से बकरियां और मुर्गियां चुराता है? अगर उत्तर प्रदेश में किसी के पास शेर जैसी हिम्मत और वीरता है, तो वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं और एक बार फिर, उत्तर प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी की हैट्रिक पक्की करने और 2027 में फिर से भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया है।





