
कार्तिक पूर्णिमा पर करें इन चीजों का दान, मिलेगा अक्षय पुण्य का आशीर्वाद
Kartik Purnima 2026: सनातन परंपरा में कार्तिक पूर्णिमा का दिन पवित्र स्नान, आराधना और दान-पुण्य के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। पंचांग के अनुसार, पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर की रात 11:42 बजे आरंभ होकर 24 नवंबर 2026 की रात 8:23 बजे तक रहेगी, जिसके चलते उदया तिथि के अनुसार स्नान व दान का पर्व 24 नवंबर को मनाया जाएगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन सुबह पवित्र नदी या जल में स्नान करने के बाद भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और भगवान शिव की पूजा के साथ जरूरतमंदों को दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और घर में सुख-समृद्धि आती है।
कार्तिक पूर्णिमा पर करें इन चीजों का दान
1. अन्न का दान
कार्तिक पूर्णिमा पर अन्न दान करना बहुत शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भूखे व्यक्ति को भोजन कराने से बड़ा कोई पुण्य नहीं है। इस दिन जरूरतमंद लोगों को अनाज, चावल, आटा, दाल या भोजन दान कर सकते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से भगवान की कृपा मिलती है।
2. कपड़ों का दान
इस दिन जरूरतमंद लोगों को कपड़े दान करना भी अच्छा माना जाता है। खासकर सर्दी के मौसम को देखते हुए गरीब और जरूरतमंद लोगों को गर्म कपड़े, कंबल और चादर दे सकते हैं। धार्मिक मान्यता है कि जरूरतमंदों को कपड़े देने से पुण्य मिलता है। दान करते समय इस बात का ध्यान रखें कि कपड़े साफ और पहनने लायक हों।
3. तिल का दान
हिंदू धर्म में तिल का दान भी काफी शुभ माना गया है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन काले या सफेद तिल का दान करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तिल का दान करने से नकारात्मकता दूर होती है और जीवन में सुख-शांति बनी रहती है। इस दिन आप किसी जरूरतमंद व्यक्ति को तिल या तिल से बनी चीजें दान कर सकते हैं।
4. घी और दीपक का दान
कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का भी विशेष महत्व है। इस दिन मंदिरों और पवित्र नदियों के किनारे दीप जलाए जाते हैं। मान्यता है कि दीपदान करने से जीवन का अंधकार दूर होता है और घर में सुख-समृद्धि आती है। इस दिन मंदिर में घी और दीपक का दान भी कर सकते हैं। इससे भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा मिलने की मान्यता है।
5. धन का दान
कार्तिक पूर्णिमा पर अपनी क्षमता के अनुसार धन का दान करना भी शुभ माना जाता है। इस दिन किसी गरीब, जरूरतमंद या असहाय व्यक्ति की आर्थिक मदद कर सकते हैं। आप चाहें तो किसी जरूरतमंद बच्चे की पढ़ाई में सहायता कर सकते हैं या किसी परिवार को जरूरी सामान दिला सकते हैं। धार्मिक मान्यता है कि सच्चे मन से किया गया दान हमेशा पुण्य देता है।
दान करते समय इन बातों का रखें ध्यान
कार्तिक पूर्णिमा पर दान करते समय दिखावे से बचना चाहिए। अपनी कमाई और क्षमता के अनुसार ही किसी चीज का दान करें. दान हमेशा खुशी और अच्छे मन से करना चाहिए। किसी जरूरतमंद की मदद करते समय उसका अपमान न करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सच्चे मन से किया गया छोटा-सा दान भी बहुत महत्व रखता है।





